Sep 13, 2026 03:18 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Vijay Thalapathy: तमिलनाडु के मुख्यमत्री थलपति विजय के ऊपर डीएमके ने हमला बोला है। विदेश यात्रा पर गए विजय को निशाने पर लेते हुए, डीएमके ने कहा कि वह निवेशकों से बात करने के लिए नहीं बल्कि अपने दोस्त की कार रेसिंग देखने गए हैं।

थलपति विजय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय एक बार फिर से विवादों में आ गए हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की यह आधिकारिक यात्रा ब्रिटेन में निवेशकों से मिलने के लिए थी। लेकिन शनिवार को एक्टर अजित और ऐक्ट्रेस तृषा के साथ नजर आने पर मुख्य विपक्षी दल डीएमके ने उन पर हमला बोल दिया है। डीएमके की तरफ से कहा गया कि तमिलनाडु की जनता परेशान है, लेकिन उनका मुख्यमंत्री अपने दोस्त कार रेस देखने के लिए लंदन गया हुआ है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर थलपति विजय और तमिल अभिनेता अजित का एक मस्ती करता हुआ वीडियो वायरल हो गया था। इसके वायरल होने के बाद डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने उन पर जमकर निशाना साधा। डीएमके प्रवक्ता ने कहा, "मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह लंदन से निवेश लाने के लिए जा रहे हैं। लेकिन सभी ने देखा कि वह वहां पर अपने दोस्त की कार रेस देखने के लिए गए हैं।"
थलपति विजय पर डीएमके का हमला
एलंगोवन के अलावा विजय की लंदन यात्रा की आलोचन करते हुए डीएमके विधायक मार्कंडेयन ने भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री विजय लंदन में हैं। यहां हमारे राज्य में किसानों, मछुआरों और कई अन्य लोगों के जुड़े मुद्दे हैं। पहले उन्हें सुलझाना जरूरी था। निवेशकों से बात करने में हम थोड़ा रुक भी सकते थे।"
गौरतलब है कि थलपति विजय तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक मोटर स्पोर्ट्स सिटी बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं। इसी के सिलसिले में वह वर्ल्ड क्लास सुविधाओं का निरीक्षण करने के लिए लंदन गए हुए हैं।
विजय की पार्टी ने भी खोला डीएमके के खिलाफ मोर्चा
थलपति विजय पर सवाल उठाए जाने के बाद उनकी पार्टी ने भी डीएमके के खिलाफ हमला बोल दिया। एनडीटीवी के बात करते हुए टीवीके प्रवक्ता नारायणन ने कहा कि इन (डीएमके के लोगों को) लोगों को न तो राजनीति समझते हैं और न ही मैनेजमेंट करना आता है। इसलिए जनता ने इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंका है।"
उन्होंने आगे कहा, "यह सिर्फ प्रचार और दिखावा करने में यकीन रखते हैं। जबकि हमारे मुख्यमंत्री असल में काम कर रहे हैं। दौरे के दौरान किसी दोस्त से मिलना गलत नहीं है। वे अजित की बात कर रहे हैं, और अजित न सिर्फ़ तमिलनाडु में बल्कि रेसिंग की दुनिया में भी एक स्टार हैं। जब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री उनसे मिलने जाते हैं, तो इससे 'ब्रांड तमिलनाडु' की अहमियत बढ़ती है। वे हमसे जलते हैं, इसीलिए ऐसा कर रहे हैं।"
गौरतलब है तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय इन दिनों विदेश यात्रा पर गए हुए हैं। वहां पर उनके साथ अभिनेत्री तृषा भी नजर आई थीं। फिल्म अभिनेता अजित के साथ भी उनकी एक वीडियो वायरल हुई थी। इसके बाद से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।