पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब पुलिस की स्पेशल यूनिट्स के कामकाज और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को पंजाब पुलिस की स्पेशल यूनिट्स के कामकाज और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में काउंटर इंटेलिजेंस (CI), एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई की जानकारी ली
.
बैठक में काउंटर इंटेलिजेंस के ADGP अमित प्रसाद, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के ADGP प्रमोद बान और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के ADGP नीलाभ किशोर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
8 महीने में 10 भगोड़े भारत लौटे
बैठक में विदेशों में छिपे भगोड़ों को भारत लाने के लिए बनाए गए ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रेडिशन सेल (OFTEC) के काम की भी समीक्षा की गई। इस सेल की कमान आईजी आशीष चौधरी संभाल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 में शुरू हुए इस विशेष सेल ने अपने शुरुआती 8 महीनों में 10 भगोड़ों को भारत वापस लाने में मदद की है। इनमें 9 आरोपियों को डिपोर्टेशन के जरिए भारत लाया गया, जबकि एक आरोपी को प्रत्यर्पण (Extradition) की प्रक्रिया के तहत वापस लाया गया। मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था को मजबूत करने में एआईजी डी. सुदरविझी और एसपी दीपिका सिंह के प्रयासों की सराहना की।
मोल्दोवा से गैंगस्टर अमृतपाल का प्रत्यर्पण
बैठक के दौरान एसपी बिक्रम बराड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक स्मृति चिह्न भी सौंपा। यह स्मृति चिह्न मोल्दोवा गणराज्य की ओर से दिया गया था। यह मोल्दोवा के अधिकारियों के साथ हुई बैठक के दौरान मिला था।
पुलिस के मुताबिक, मोल्दोवा के अधिकारियों के सहयोग से भगोड़े अपराधी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को यूरोप के मोल्दोवा से भारत लाने में सफलता मिली थी। अमृतपाल सिंह को जग्गू भगवानपुरिया गैंग का प्रमुख ऑपरेटिव बताया गया है। उसे प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के जरिए भारत लाया गया।

सीएम मान बैठक में पुलिस अधिकारियों से बात करते हुए।
AGTF के काम की मुख्यमंत्री ने सराहना की
मुख्यमंत्री ने पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ AGTF की ओर से की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने AGTF की ऑपरेशनल उपलब्धियों और अधिकारियों के काम की सराहना की। मुख्यमंत्री ने डीएसपी राजन परमिंदर सिंह और उनकी ऑपरेशनल टीम के प्रयासों की विशेष रूप से प्रशंसा की। बैठक में गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने, विदेशों में बैठे आरोपियों और उनके मददगारों तक पहुंचने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी कामकाज की समीक्षा की गई।

पंजाब सीएम मान डीएसपी रैंक लगाते हुए।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर भी कार्रवाई जारी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डीएसपी सुखजीत सिंह की पिपिंग सेरेमनी भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके कंधों पर डीएसपी रैंक के बैज लगाए। सुखजीत सिंह को उनके बेहतरीन काम के लिए आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है। वह इंस्पेक्टर के पद से प्रमोट होकर डीएसपी बने हैं। मुख्यमंत्री ने उनके काम की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
सीएम बोले संगठित अपराध और नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अब खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन करने के साथ-साथ दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर भी काम कर रही है। पुलिस का फोकस विदेशों में छिपे भगोड़ों, उनके नेटवर्क और भारत में उनके लिए काम करने वाले लोगों तक पहुंचने पर है।