प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन से नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और नियमित निगरानी रखने की मांग की है।
नूंह में मंदिर, स्कूल और गोशालाओं के आसपास मीट की दुकानों का विरोध करते हुए लोगों ने CM के नाम सौंपा ज्ञापन।
- Published: 25 Aug 2026, 05:09 PM IST
- Last Updated: 25 Aug 2026, 05:09 PM IST
नूंह में मीट दुकानों को लेकर विरोध: हरियाणा के नूंह जिले में मंदिरों, स्कूलों, गोशालाओं और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित मीट की दुकानों को लेकर विरोध तेज हो गया है। लोगों ने ऐसी दुकानों के संचालन पर रोक लगाने और खुले में पशु वध व मांस काटने की गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल ने 24 अगस्त को मुख्यमंत्री के OSD डॉ. राज नेहरू के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें प्रशासन से धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और गोशालाओं के आसपास मीट की दुकानों के लिए स्पष्ट न्यूनतम दूरी तय करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में मुख्य मार्गों के पास भी मीट की दुकानें संचालित होने के आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिले के कई क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों, स्कूलों, गोशालाओं और मुख्य मार्गों के आसपास मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं। कुछ स्थानों पर खुले में पशुओं का वध करने और मांस काटकर प्रदर्शित करने की शिकायत भी लोगों ने की है।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। साथ ही, उन्होंने सार्वजनिक स्वच्छता, धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द से जुड़े मुद्दे भी उठाए।
निर्धारित दूरी के भीतर दुकानों पर रोक की मांग
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिरों, विद्यालयों, गोशालाओं और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास मीट की दुकानों के लिए एक स्पष्ट न्यूनतम दूरी निर्धारित की जाए। इस दायरे में दुकानें संचालित करने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।
इसके अलावा मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में पशु वध, मांस काटने और मांस प्रदर्शित करने पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग
ज्ञापन सौंपने वालों ने नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन से नियमित निरीक्षण व निगरानी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
प्रतिनिधिमंडल में नितिन दूबे, राहुल जैन, मोहित सैनी, मूलचंद शर्मा, लेखराज, लालाराम भारद्वाज और गोपाल छपेडा समेत अन्य लोग शामिल रहे। उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और स्थानीय लोगों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।