Chaibasa News: खान एवं खनिज संशोधन कानून का विरोध, जगत माझी बोले- अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

Published on 19 सित॰ 2026

Shambhu Kumar

Chaibasa News: खान एवं खनिज संशोधन कानून-2026 के विरोध में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से पश्चिमी सिंहभूम जिला की सोनुवा प्रखंड मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में मनोहरपुर विधायक जगत माझी मुख्य रूप से शामिल हुए. धरना-प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधेयक को वापस लेने की मांग की.

इसे भी पढ़ें:

Special Report- झारखंड के सरकारी स्कूलः Teacher ON-Student OFF
देसी शराब ROYAL CRAZY के पीछे अफसर दीवाना


पार्टी नेताओं  ने राष्ट्रपति के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया. धरना-प्रदर्शन से पूर्व झामुमो कार्यकर्ता वन विश्रामागार में एकत्र हुए. यहां से जुलूस की शक्ल में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचे. प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित धरना कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खान एवं खनिज संशोधन कानून के प्रावधानों को लेकर अपनी आपत्ति जताई तथा इसे वापस लेने की मांग की. 


धरना-प्रदर्शन में विधायक जगत माझी ने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों के संवैधानिक अधिकारों और संघीय व्यवस्था में हस्तक्षेप करना बंद करे. उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान और यहां के लोगों के अधिकारों से जुड़ा विषय है. उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, “हमारे जल, जंगल और जमीन को लूटने की कोशिश की गई तो सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे.” 


विधायक ने कहा कि फिलहाल झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन के माध्यम से अपनी आवाज उठा रहा है, लेकिन यदि कानून वापस नहीं लिया गया तो पार्टी सड़क और रेल चक्का जाम जैसे आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा, झारखंड से लौह अयस्क का एक ढेला भी बाहर नहीं जाने देंगे. विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा खान एवं खनिज संशोधन विधेयक लाकर राज्य के अधिकारों पर डाका डालने का काम किया जा रहा है.


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना और 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर इसका असर पड़ सकता है और बड़ी संख्या में लोग योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं. विधायक ने झामुमो कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपने अधिकारों तथा प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया. 


धरना-प्रदर्शन में झामुमो के पर्यवेक्षक विनय प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, हेमचंद्र महतो, हरिनारायण दास, चंद्रमोहन चातर, संजय जामुदा, अजय दास, हीरालाल लोहार, जोटो सुरीन, किशोर दास और जानकी हेम्ब्रम समेत सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें