Chad Laycock: साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने एक ओवर में झटके 5 विकेट, पूरी की डबल हैट्रिक

Published on 13 अक्टू॰ 2026

Chad Laycock: साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने एक ओवर में झटके 5 विकेट, पूरी की डबल हैट्रिक

टी20 मैच में हुआ करिश्मा (फोटो-एक्स)

साउथ अफ्रीका के घरेलू टी20 टूर्नामेंट CSA Pro20 Cup में कावाजुलू-नटाल इनलैंड के तेज गेंदबाज चैड लेकॉक ने इतिहास रच दिया है. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने टाइटंस के खिलाफ एक ही ओवर में पांच विकेट चटका दिए. चैड लेकॉक ने ये कमाल टाइटंस की पारी के 19वें ओवर में किया. इस खिलाड़ी ने पहली गेंद पर विकेट झटका, इसके बाद दूसरी गेंद पर दो रन दिए और फिर अगली चार गेंदों पर उन्होंने डबल हैट्रिक झटकते हुए ओवर में पांच विकेट झटक लिए.

चैड लेकॉक ने एक ओवर में 5 विकेट लिए

टाइटंस की टीम काफी तेजी से बैटिंग कर रही थी.लेकिन फिर 19वें ओवर में कुछ ऐसा हुआ जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. चैड लेकॉक ने सबसे पहले लियूस डु प्लॉय को बोल्ड किया. इसके बाद अगली गेंद पर उन्होंने दो रन दिए. तीसरी गेंद पर उन्होंने डैयन गैलियम, चौथी गेंद पर एफिवी मन्यांडा, पांचवीं गेंद पर जैंको स्मिट और छठी गेंद पर एसोसा एहिवाबा को बोल्ड किया. चैड लेकॉक की इस कहर बरपाती हुई गेंदबाजी के बावजूद टाइटंस की टीम ने 20 ओवर में 204 रन बना दिए. दिलचस्प बात ये है कि चैड लेकॉक ने इस मैच से पहले टी20 करियर में सिर्फ 2 ही विकेट झटके थे, उनका इकॉनमी रेट भी 9.11 रन प्रति ओवर था लेकिन इस खिलाड़ी ने इस मैच में ही 4 ओवर में 26 रन देकर 6 विकेट झटक लिए.

इन गेंदबाजों ने भी झटके हैं एक ओवर में पांच विकेट

  • चैड लेकॉक से पहले चार और ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने एक ओवर में पांच विकेट झटकने का कारनामा किया है. न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज नील वैगनर ने प्लंकेट शील्ड में 2011 में वेलिंगटन के खिलाफ एक ओवर में पांच विकेट झटके थे.
  • बांग्लादेश के तेज गेंदबाज अल अमीन हुसैन ने 2013 में विक्टरी डे टी20 कप में एक ओवर में पांच विकेट झटके थे. टी20 क्रिकेट इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ था.
  • भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ एक ओवर में पांच विकेट झटके थे.
  • इंडोनेशिया के गेंदबाज गेडे प्रियंदना ने 2025 में कंबोडिया के खिलाफ टी20 मैच में एक ओवर में पांच विकेट लेने का कमाल किया था.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button