राम मंदिर में निकली CEO की वेकैंसी: हिंदू होना अनिवार्य, उम्र, काम और कितनी होगी सैलरी, कैसे करें अप्लाई?

Published on 13 जुल॰ 2026

Time Updated: Monday, July 13, 2026, 15:08 [IST]

Ram Mandir CEO: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए आवेदन मांगे हैं। ट्रस्ट ने एक्स पोस्ट पर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करते हुए योग्य और अनुभवी लोगों से आवेदन करने को कहा है। आवेदन भेजने की आखिरी तारीख 18 जुलाई 2026 शाम 4 बजे तय की गई है।

कौन कर सकता है आवेदन? (Ram Mandir CEO Eligibility)

इस पद के लिए उम्मीदवार का कम से कम स्नातक (Graduate) होना जरूरी है। उम्र 50 से 70 साल के बीच होनी चाहिए। सबसे बड़ी शर्त अनुभव की रखी गई है। आवेदक के पास किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, सरकारी विभाग, संस्था या कंपनी में कम से कम 20 साल तक वरिष्ठ प्रबंधन का अनुभव होना चाहिए।

Ram Mandir CEO Eligibility

ट्रस्ट ने साफ किया है कि प्रशासन, वित्त, लेखा, मानव संसाधन, जनसंपर्क, आईटी, सुरक्षा और कानूनी मामलों जैसे कई विभागों को संभालने का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी। मंदिर या किसी हिंदू धार्मिक संस्था के प्रशासन का अनुभव रखने वालों को भी वरीयता दी जाएगी। ऐसे सेवानिवृत्त अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास यह अनुभव और क्षमता हो।

कितनी होगी सैलरी और कितने साल का होगा कार्यकाल?

CEO की नियुक्ति तीन साल के अनुबंध पर होगी। अगर काम संतोषजनक रहा तो कार्यकाल आगे भी बढ़ाया जा सकता है। वेतन और दूसरी सुविधाएं पहले से तय नहीं हैं। ट्रस्ट ने कहा है कि यह आपसी बातचीत के बाद तय किया जाएगा। चयनित अधिकारी की तैनाती अयोध्या में होगी।

CEO की जिम्मेदारियां क्या होंगी?

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक, वित्तीय और कानूनी कामकाज की कमान संभालेंगे। संगठन की कार्यप्रणाली तैयार करने, कर्मचारियों का नेतृत्व करने, ट्रस्ट की संपत्तियों की सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने, दर्शनार्थियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने, धार्मिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन और वीआईपी व संतों की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी इसी पद पर होगी।

इसके अलावा स्थानीय, राज्य और केंद्र सरकार के साथ जरूरत पड़ने पर समन्वय भी CEO की भूमिका का हिस्सा रहेगा।

धार्मिक और भाषा से जुड़ी शर्तें

इस पद के लिए सक्रिय हिंदू होना अनिवार्य रखा गया है। नोटिफिकेशन में श्रीराम भक्त वैष्णव होने को वांछनीय बताया गया है। उम्मीदवार को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान होना भी जरूरी है।

आवेदन कैसे करें?

इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन [email protected] पर ईमेल के जरिए भेज सकते हैं। आवेदन स्वीकार करने की अंतिम समय-सीमा 18 जुलाई 2026, शाम 4 बजे है।