पटना में पार्षद पति पर फायरिंग का CCTV फुटेज देखिए, बेसमेंट में घुसकर मारीं पांच गोलियां

Published on 24 सित॰ 2026

Patna Crime News: पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र का चकारम इलाका बुधवार शाम गोलियों की आवाज से दहल उठा. समय था करीब 7.35 बजे. मां सुखिया महल अपार्टमेंट के बेसमेंट में वार्ड 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति अनिल कुमार यादव अपने कार्यालय में बैठे थे. उनके साथ कुछ लोग भी मौजूद थे.

इसी दौरान एक बाइक पर तीन बदमाश पहुंचे. बाइक से उतरकर दो शूटर बेसमेंट के अंदर चले गए. तीसरा बाहर ही खड़ा रहा. कुछ ही पल बाद अंदर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं.

अनिल यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला. बदमाशों ने उन पर बेहद करीब से फायरिंग की. गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. फायरिंग के बाद तीनों बदमाश हथियार लहराते हुए वहां से भाग निकले.

CCTV में दिखा पूरा घटनाक्रम

वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज ने हमलावरों की तस्वीर सामने ला दी है. फुटेज में एक बाइक पर तीन लोग आते दिखाई दे रहे हैं. बाइक रुकने के बाद दो बदमाश बेसमेंट की तरफ जाते हैं. एक बदमाश बाहर ही रुक जाता है.

फुटेज में दो लोगों के हाथ में पिस्टल भी दिखाई दे रही है. पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है. आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है.

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग के बाद बदमाश किस रास्ते से भागे और आगे किस दिशा में गए.

View on Instagram

'मैंने शूटरों पर कुर्सी फेंककर मारी'

घटना के वक्त अनिल यादव के निजी गार्ड बृज मोहन पांडेय भी बेसमेंट में मौजूद थे. उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी.

बृज मोहन ने बताया कि अनिल यादव बेसमेंट में बैठे थे. रमेश और सुधीर भी वहां आकर बैठे थे. इसी दौरान तीन शूटर वहां पहुंचे. दो अंदर घुसे और अचानक गोलियां चलाने लगे.

गार्ड के मुताबिक, उस वक्त उनके पास राइफल नहीं थी. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाई और शूटरों पर कुर्सी फेंककर मारी. इसके बाद हमलावर अपार्टमेंट के पास दाईं तरफ भाग निकले. उन्होंने बताया कि दो शूटरों ने चेहरे ढक रखे थे. वहीं, एक बदमाश ने टोपी पहन रखी थी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

फायरिंग के बाद हथियार लहराते भागे

बेसमेंट में गोलियां चलने के बाद वहां अफरातफरी मच गई. बदमाशों ने अनिल यादव को निशाना बनाया और फिर हथियार लहराते हुए बाहर निकले.

अपार्टमेंट के आसपास का इलाका काफी रिहायशी है. यहां फर्स्ट फ्लोर पर गर्ल्स हॉस्टल भी है. अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई.

पुलिस के मुताबिक, वारदात में करीब 14 राउंड फायरिंग की गई. मौके से आठ खोखे बरामद किए गए हैं. हालांकि, शुरुआती जानकारी में सात खोखे मिलने की बात भी सामने आई थी.

पांच गोलियां लगीं, अस्पताल में भर्ती

फायरिंग में अनिल कुमार यादव को पांच गोलियां लगी हैं. दो गोली हाथ में लगी. दो पैर में और एक गोली कमर में लगी है.

घायल अनिल को सबसे पहले उदयन अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने के बाद उन्हें मेदांता रेफर किया गया. सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और इलाज चल रहा है.

जमीन विवाद और वर्चस्व का एंगल

फायरिंग की वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं है. शुरुआती जांच में जमीन विवाद और आपसी वर्चस्व का एंगल सामने आया है. पुलिस इन दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है.

अनिल कुमार यादव पटना नगर निगम के वार्ड 24 के पूर्व पार्षद रह चुके हैं. उनकी पत्नी ज्ञानवती देवी वर्तमान में वार्ड 24 की पार्षद हैं.

अस्पताल पहुंचे प्रशांत किशोर और तेजस्वी

फायरिंग की खबर मिलते ही अस्पताल में समर्थकों की भीड़ जुट गई. बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी अनिल यादव का हाल जानने अस्पताल पहुंचे.

प्रशांत किशोर ने बिहार में अपराध की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बाइक से लोग आए, गोली मारी और भाग गए. उन्होंने अनिल यादव को जनसुराज से जुड़ा बताया.

Also Read: पांच राज्यों से बिहार के लिए चलेंगी 100 से ज्यादा स्पेशल बसें, जानें किराया और रूट