Kota News: राजस्थान के कोटा से चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है. दरअसल, यहां चोरों ने भोरा चौराहे पर स्थित देव ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया और 70 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इस वारदात की सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि चोरों ने इस पूरी वारदात को सिर्फ तीन मिनट में अंजाम दिया. इस दौरान चोरों ने पहले स्ट्रीट लाइट को बंद किया फिर दुकान का शटर तोड़ा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक, कोटा ग्रामीण जिले के सुल्तानपुर में रविवार सुबह नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया. भोरा चौराहे पर स्थित देव ज्वेलर्स से बदमाश तिजोरी उठाकर ले गए. पीड़ित व्यापारी ने तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत करीब 70 लाख रुपये का माल चोरी होने का दावा किया है. वारदात सुबह करीब 4:39 बजे की बताई जा रही है. पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
स्ट्रीट लाइट बंद कर दुकान में घुसे बदमाश
बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे. उनकी संख्या पांच से अधिक बताई जा रही है. आरोप है कि बदमाशों ने पहले मुख्य सड़क की स्ट्रीट लाइट बंद की. इसके बाद दुकान के शटर का ताला तोड़कर उसे आधा उठाया और अंदर घुस गए. बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का प्लग निकाला और तिजोरी उठाकर कार में रख ली. पूरी वारदात को महज तीन मिनट में अंजाम दिया गया. इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. पास की दुकान में लगे कैमरे में कैद फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दिवाली और धनतेरस के लिए खरीदा था माल
पीड़ित व्यापारी परमानंद गुर्जर के मुताबिक, उन्होंने दो-तीन दिन पहले ही करीब 20 से 30 लाख रुपये का सोने का सामान खरीदा था. दुकान में पुरानी ज्वेलरी के अलावा नकदी भी रखी हुई थी. दिवाली और धनतेरस के मद्देनजर सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण और सिक्कों का अतिरिक्त स्टॉक भी मौजूद था. व्यापारी ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई है. व्यापारी को चोरी की जानकारी उस समय मिली, जब सुबह प्रभात फेरी के लिए निकले लोगों ने दुकान के टूटे ताले देखे और उन्हें सूचना दी. इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है. उनका कहना है कि प्रमुख चौराहे पर होमगार्ड जवानों की तैनाती के बावजूद इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. व्यापारियों ने रात की गश्त बढ़ाने और बाजारों में सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है. सूचना मिलने पर सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.

कामेन्दु जोशी
राजस्थान के कोटा से TV9 भारतवर्ष के रिपोर्टर कामेन्दु जोशी के लेखन की शुरुआत 'वेद अमृत' पुस्तक से शुरू हुई, जिसकी संपादक फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी थीं. इसके साथ-साथ उन्हें 'सत्य कथाएं' और 'पारिवारिक तुलसी कहानियां' जैसी पत्रिकाओं में भी कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ. वर्ष 2003 में उन्हें 'हुकुमनामा' समाचार पत्र का मुख्य कार्यभार कोटा संभाग से संभालने का मौका मिला. लगभग 18 माह तक इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के बाद आगे बढ़ने का अवसर मिला. इसके बाद वो न्यूज़ इंडिया, आज की खबर, इंडिया डेली लाइव और News24 जैसे राष्ट्रीय समाचार चैनलों के लिए बतौर रिपोर्टर कार्यरत रहे. 2010 से कामेन्दू ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कदम रखा. लगभग 17 वर्षों से वो बतौर रिपोर्टर लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Read More