सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने देश-विदेश के सभी संबद्ध स्कूलों को छात्रों के रजिस्ट्रेशन और लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) से जुड़ी जानकारी सही तरीके से दर्ज करने की हिदायत दी है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्र की निजी जानकारी या विषयों की डिटेल में गलती होने पर आगे परेशानी हो सकती है. खासतौर पर नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि और सब्जेक्ट कोड की जांच जरूरी है. CBSE का कहना है कि स्कूल डेटा जमा करने से पहले सभी जानकारी को अच्छी तरह क्रॉस चेक करें ताकि एडमिट कार्ड और परीक्षा प्रक्रिया के दौरान छात्रों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े.
क्या है LOC और क्यों है जरूरी?
लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स यानी LOC में उन छात्रों की जानकारी दर्ज होती है जो बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले हैं. इसमें छात्र के नाम के साथ उसके चुने गए सब्जेक्ट और अन्य जरूरी डिटेल्स शामिल होते हैं. इसी जानकारी के आधार पर आगे एडमिट कार्ड तैयार किए जाते हैं और परीक्षा केंद्रों पर संबंधित विषयों के प्रश्नपत्रों की व्यवस्था होती है. इसलिए LOC में दर्ज डेटा का सही होना बेहद जरूरी है.
इन डिटेल्स को जरूर करें चेक
CBSE ने स्कूलों को सलाह दी है कि LOC और रजिस्ट्रेशन का डेटा बोर्ड को भेजने से पहले कई बार चेक कर लें. स्टूडेंट का नाम, माता-पिता के नाम की सही स्पेलिंग, जन्मतिथि और सब्जेक्ट कोड में किसी तरह की गलती नहीं होनी चाहिए. सब्जेक्ट्स की गलत जानकारी भी बाद में बड़ी समस्या बन सकती है.
गलती से छात्रों को हो सकती है परेशानी
बोर्ड के अनुसार, पिछले वर्षों में गलत सब्जेक्ट कोड गलत विषय और छात्रों की व्यक्तिगत जानकारी में गलतियों के मामले सामने आए हैं. कई बार स्कूलों की ओर से LOC समय पर जमा नहीं किया जाता या अंतिम तारीख के बाद डेटा भेजने की कोशिश की जाती है. इससे बोर्ड की प्रक्रिया प्रभावित होने के साथ छात्रों को भी परेशानी होती है.
डेटशीट भी जल्द आने की उम्मीद
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 की प्रशासनिक तैयारियों के बीच संभावित डेटशीट भी जल्द जारी होने की उम्मीद है. डेटशीट पहले आने से छात्रों को पढ़ाई और रिवीजन का बेहतर प्लान बनाने में मदद मिलेगी. स्कूल, छात्र और अभिभावक LOC की जानकारी मिलते ही हर डिटेल को ध्यान से चेक कर लें.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More