
CBI अफसर सीमा पाहुजा करेंगी दिशा सालियान केस की निगरानी
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का करीब 6 साल पुराना मामला एक बार फिर चर्चा में है. बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 14 सितंबर को इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब इस संवेदनशील मामले की निगरानी की जिम्मेदारी CBI की तेज तर्रार अफसर सीमा पाहुजा को सौंपी गई है.
बॉम्बे हाईकोर्ट ने दो सितंबर को दिशा सालियान की मौत की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था. साथ ही CBI को मामले की जांच के लिए एक अनुभवी और सीनियर अधिकारी को नियुक्त करने का निर्देश दिया था. सीमा पाहुजा CBI की दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम यूनिट में SP के पद पर तैनात है और उन्हें बेस्ट इन्वेस्टिगेटिव अफसर का गोल्डन अवॉर्ड भी मिला चुका है.
कौन हैं CBI की अफसर सीमा पाहुजा?
सीमा पाहुजा CBI की दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम यूनिट में SP के पद पर तैनात हैं, वह इससे पहले CBI की चंडीगढ़ और गाजियाबाद यूनिट में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. सीमा पाहुजा के पास कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों की जांच का अनुभव है. उन्होंने साल 2024 में कोलकाता के RG कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल मामले की जांच से भी अहम योगदान दिया था.
इसके अलावा वह हाथरस कांड की जांच के लिए गठित 15 सदस्यीय CBI टीम में भी शामिल थी. यही नहीं, सीमा पाहुजा ने उन्नाव केस और हिमाचल प्रदेश के गुड़िया कांड जैसे कई हाई-प्रोफाइल मामलों को भी सुलझाया है. सीमा पाहुजा की इस उपलब्धि के लिए उन्हें कई अवार्ड भी मिल चुके हैं. उन्हें साल 2021 में बेस्ट इन्वेस्टिगेटिव अफसर का गोल्डन अवॉर्ड भी मिला था.
6 साल बाद फिर शुरू हुई केस की जांच
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी. मुंबई पुलिस ने इसे दुर्घटनावश मौत का मामला माना था. बाद में मामले की जांच को लेकर कई सवाल उठे और दिशा के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया. अदालत ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के निर्देश दिए थे.
सालियान के पिता ने हाईकोर्ट में अर्जी देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी के साथ रेप और मर्डर हुआ है. वही, कोर्ट के आदेश के बाद 14 सितंबर को CBI ने मामले में FIR दर्ज की. इसमें शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनके बेटे आदित्य ठाकरे, रोहन रॉय, डिनो मोरिया, सूरज पंचोली, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, सचिन वाज़े समेत कई नाम शामिल हैं.
CBI अफसर के सामने होगी कई चुनौतियां
चूंकि दिशा सालियान की मौत का मामला करी 6 साल पुराना है, तो ऐसे में CBI को जांच में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है. सीमा पाहुजा के नेतृत्व में एजेंसी उपलब्ध दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों, बयानों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी. FIR में कई चर्चित लोगों के नाम हैं. अदालत ने साफ किया है कि इन्हें अभी आरोपी नहीं ठहराया जाए, जांच के बाद ही आरोप तय होंगे.

जितेन्द्र कुमार शर्मा
साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।
Read More