Breaking News Live Update 13 September: ईरान युद्ध ने बढ़ाई ट्रंप की चिंता, महंगा डीजल और बढ़ती महंगाई से बिगड़ रहा अमेरिकी अर्थव्यवस्था का खेल

Published on 13 सित॰ 2026

Breaking News Live Update 13 September: देश-विदेश में आज 13 सितंबर की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 13 सितंबर की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।  

  • Sep 13, 2026 10:34 IST

    ईरान युद्ध ने बढ़ाई ट्रंप की चिंता, महंगा डीजल और बढ़ती महंगाई से बिगड़ रहा अमेरिकी अर्थव्यवस्था का खेल

    d8b8b040-

    अमेरिका में बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ईरान युद्ध के बीच तेल और गैस की कीमतों में आए उछाल का असर अब अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के साथ परिवारों और कारोबारियों पर खर्च का दबाव बढ़ रहा है। डोनाल्ड ट्रंप लगातार यह भरोसा दिलाते रहे हैं कि आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आएगी और हालात सामान्य हो जाएंगे। लेकिन ताजा आर्थिक आंकड़े फिलहाल कुछ और ही तस्वीर दिखा रहे हैं। अमेरिका में महंगाई ऊंचे स्तर पर बनी हुई है, ईंधन महंगा हो रहा है और घरों की बिक्री की रफ्तार भी कमजोर पड़ी है।

    ट्रंप की चिंता बढ़ा रहे ये आर्थिक आंकड़े

    अमेरिका में इस सप्ताह जारी आर्थिक आंकड़ों में महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतें सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं। किराने के सामान से लेकर पेट्रोल पंप तक बढ़ती लागत का असर आम अमेरिकी परिवारों की जेब पर पड़ रहा है। खास तौर पर डीजल की कीमतों में तेज उछाल ने ट्रांसपोर्ट और कारोबार की लागत बढ़ा दी है। इसका असर आगे चलकर कई जरूरी सामानों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। दूसरी ओर, कर्ज महंगा होने से अमेरिकी हाउसिंग मार्केट पर भी दबाव बना हुआ है।

  • Sep 13, 2026 08:28 IST

    नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए अमेरिका ने बढ़ाया मदद का हाथ

    U

    नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस मुश्किल घड़ी में अमेरिका ने नेपाल की मदद के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया है। संयुक्त राज्य अमेरिका ने बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और बचाव कार्यों के लिए 50 लाख डॉलर से अधिक की मानवीय, स्वास्थ्य और फोरेंसिक सहायता मंजूर की है। इस मदद में भोजन, आश्रय, स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ पीड़ितों की पहचान के लिए फोरेंसिक सहायता भी शामिल है। अमेरिकी विदेश विभाग के अंतरराष्ट्रीय नारकोटिक्स एवं कानून प्रवर्तन मामलों के ब्यूरो ने नेपाल पुलिस को फोरेंसिक मदद और डीएनए किट उपलब्ध कराने के लिए 10 लाख डॉलर की अतिरिक्त सहायता मंजूर की है। इसके अलावा अमेरिकी अधिकारी प्रभावित इलाकों में अपने नागरिकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।

    10 हजार परिवारों तक पहुंचेगा आपातकालीन भोजन

    अमेरिकी सहायता का एक बड़ा हिस्सा विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के जरिए दिया जा रहा है। इसके तहत 30 लाख डॉलर की खाद्य और लॉजिस्टिक्स सहायता मंजूर की गई है। इस मदद से बाढ़ प्रभावित करीब 10,000 परिवारों को तीन महीने तक आपातकालीन भोजन उपलब्ध कराने की योजना है। बाढ़ के कारण कई दूरदराज के इलाकों का संपर्क टूट गया है। ऐसे में राहत सामग्री को प्रभावित समुदायों तक पहुंचाने के लिए हवाई और जमीनी परिवहन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे जरूरी सामान की सप्लाई में आ रही मुश्किलों को कम करने में मदद मिलेगी। 

  • Sep 13, 2026 08:13 IST

    हूतियों का सऊदी अरब पर ड्रोन-मिसाइल हमला, सैन्य ठिकाने को निशाना बनाने का दावा

    Drone and missile attack on Saudi Arabia

    मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच यमन के हूतियों ने सऊदी अरब के शरूराह इलाके में सैन्य ठिकाने पर हमला करने का दावा किया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याहिया सारी के मुताबिक, हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि सैन्य अड्डे के हथियार डिपो और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया गया।

    हूती प्रवक्ता ने इस कार्रवाई को यमन के खिलाफ सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया और आगे भी हमलों की चेतावनी दी। दूसरी ओर, सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक जीजान में यमन की ओर से आए एक प्रोजेक्टाइल के कारण दो लोग घायल हुए हैं। घटना में एक मस्जिद, कुछ रिहायशी इमारतों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी है। क्षेत्र में हालिया सैन्य गतिविधियों के कारण लाल सागर और बाब-अल-मंडेब के आसपास तनाव भी बढ़ा हुआ है।

लेखकगण