मुंबई में भीषण सड़क हादसा, BMW कार फ्लाईओवर से नीचे गिरी, 3 की मौत

Published on 20 सित॰ 2026

मुंबई में भीषण सड़क हादसा, BMW कार फ्लाईओवर से नीचे गिरी, 3 की मौत

मुंबई में तेज रफ्तार BMW का कहर

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW कार भीषण हादसे का शिकार हो गई. मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जाने वाले रास्ते पर कार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी. हादसे में BMW में सवार चार लोगों में से तीन की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं.

कोस्टल रोड कंट्रोल रूम के मुताबिक, दुर्घटना रविवार सुबह करीब 5:20 बजे हुई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, BMW कार कोस्टल रोड पर जा रही थी, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गई. हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. चारों को इलाज के लिए मुंबई के नायर अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल युवक को इलाज के लिए ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया.

तीन लोगों की मौत

नायर अस्पताल के CMO से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में 21 वर्षीय शानय गज्जल शामिल हैं. उन्हें अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं 17 वर्षीय धीर्या सेठ की भी हालत बेहद गंभीर थी और इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई.

इसके अलावा करीब 25 वर्षीय एक अज्ञात युवक को भी अस्पताल लाया गया था. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे में करीब 20 वर्षीय एक अन्य अज्ञात युवक घायल हुआ है. उसे नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

BMW की रफ्तार और हादसे की वजह की जांच

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई और फ्लाईओवर से नीचे कैसे जा गिरी. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय BMW की रफ्तार कितनी थी.

जांच टीम घटनास्थल की स्थिति, सड़क और फ्लाईओवर की परिस्थितियों के साथ-साथ दुर्घटनाग्रस्त कार की हालत की भी जांच कर रही है. हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button