रिटायर्ड प्रिंसिपल निकला BJP विधायक को धमकी देने वाला: लेटर में लिखा- AK-47 से खोपड़ी में 20 गोलियां लगेंगी; बेटे की खट्टर संग PHOTO वायरल - Karnal News

Published on 15 सित॰ 2026

करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद और उनके बेटे को सिर में 20 गोलियां मारने की धमकी देने वाला रिटायर्ड प्रिंसिपल निकला। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने आरोपी को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

.

आरोपी ईश्वर सिंह ने 27 अगस्त को डाक से उन्हें धमकी भरा लेटर भेजा था। ईश्वर ने खुद को लॉरेंस गैंग का ‘एरिया कमांडर बलवीर सिंह’ बताया। वहीं, लेटर में आरोपी ने हर्ष की मौत का बदला लेने की बात कही थी। चर्चित बीरू हत्याकाडं के बाद पुलिस ने हर्ष का एनकाउंटर किया था। रोड़ समाज ने इस एनकाउंटर पर विधायक जगमोहन की भूमिका पर सवाल उठाए थे।

उधर, चर्चा है कि आरोपी ईश्वर का बेटा मुकेश पूंडरी विधायक सतपाल जांबा का करीबी है। इलेक्शन के दौरान मुकेश ने ही जांबा के सोशल मीडिया का जिम्मा संभाला था। अब भी विधायक के सोशल मीडिया का काम देखता है। पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के साथ भी मुकेश के हाथ मिलाते हुए फोटोज वायरल है।

पूंडरी विधायक सतपाल जांबा के साथ आरोपी का बेटा मुकेश।

पूंडरी विधायक सतपाल जांबा के साथ आरोपी का बेटा मुकेश।

डाक से मिला था धमकी भरा लेटर

27 अगस्त को विधायक जगमोहन आनंद को डाक के जरिए धमकी भरा पत्र मिला था। उस समय विधायक विधानसभा सेशन में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ गए थे। शाम को सेक्टर-13 स्थित अपने निवास पर लौटने के बाद उन्होंने कैंप ऑफिस में आई डाक देखी।

लेटर ‘बलवीर सिंह, एरिया कमांडर, लॉरेंस बिश्नोई, हरियाणा’ के नाम से भेजा गया था। इसमें विधायक के समाज और समाज की बहू-बेटियों के बारे में आपत्तिजनक और गाली-गलौज वाली भाषा लिखी गई थी। साथ ही एक महीने के अंदर विधायक की गोली मारकर हत्या करने और उनके बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी।

इंद्री से किया था लेटर पोस्ट

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ईश्वर सिंह ने ये लेटर इंद्री से पोस्ट किया था। ईश्वर बाइक पर सवार होकर हेलमेट पहनकर डाकघर पहुंचा था। उसने वहां लेटर पोस्ट किया और इसके बाद वहां से निकल गया।

डाकघर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की बाइक का नंबर कैद हो गया था। पुलिस ने बाइक नंबर की जांच शुरू की तो आरोपी तक पहुंच गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर से हाथ मिलाते हुए आरोपी का बेटा मुकेश।

पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर से हाथ मिलाते हुए आरोपी का बेटा मुकेश।

AK- 47 से 20 गोलियां मारने की बात लिखी

धमकी भरे पत्र में विधायक और उनके बेटे के सिर में AK-47 से 20 गोलियां मारने की बात लिखी गई थी। पत्र में कहा गया था कि सुरक्षा बढ़ाए जाने के बावजूद उन्हें रात के समय गोली मार दी जाएगी और एक महीने के अंदर हत्या कर दी जाएगी। लेटर में एनकाउंटर में मारे गए हर्ष का भी जिक्र था। विधायक को हर्ष की मौत का ब्याज सहित हिसाब-किताब चुकाने की धमकी दी गई थी।

सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल रह चुका आरोपी

आरोपी ईश्वर सिंह मूल रूप से करनाल की सीएचड़ी सिटी का रहने वाला है और इंद्री के सरकारी स्कूल से प्रिंसिपल के पद से रिटायर है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी का लॉरेंस गैंग से कोई संबंध है या विधायक को डराने के लिए लेटर में ऐसा लिखा गया।

विधायक जगमोहन आनंद को भेजा गया धमकी भरा लेटर।

विधायक जगमोहन आनंद को भेजा गया धमकी भरा लेटर।