Biocon Q1 Results: फार्मा कंपनी के मुनाफे में 349% का बंपर उछाल, शेयर में आ सकती है तेजी

Published on 5 अग॰ 2026

Biocon Q1 Results: फार्मा कंपनी के मुनाफे में 349% का बंपर उछाल, शेयर में आ सकती है तेजी

फार्मा कंपनी का मुनाफा 349% बढ़ा

देश की जानी-मानी दवा कंपनी बायोकॉन ने चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछले साल के मुकाबले चार गुना से भी ज्यादा बढ़ गया है. कंपनी के वित्तीय आंकड़ों को गहराई से देखें, तो यह जून तिमाही बायोकॉन के लिए काफी शानदार साबित हुई है. पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का जो शुद्ध मुनाफा महज 31.4 करोड़ रुपये था, वह अब करीब 349 प्रतिशत की बड़ी छलांग लगाकर 141 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है.

वहीं, कंपनी की कुल कमाई यानी रेवेन्यू में भी अच्छी खासी बढ़ोतरी देखने को मिली है. ऑपरेशंस से होने वाली कुल रेवेन्यू 10 प्रतिशत बढ़कर 4,336 करोड़ रुपये रही. पिछले साल इसी समय यह आंकड़ा 3,942 करोड़ रुपये था. इसके अलावा, कंपनी का मार्जिन भी सुधरा है. जून तिमाही में EBITDA 10.6 प्रतिशत बढ़कर 847.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. ग्रॉस EBITDA भी 902 करोड़ रुपये रहा है, जिसका मार्जिन 21 प्रतिशत दर्ज किया गया. बायोकॉन के इन दमदार नतीजों के बाद इसके शेयरों में तेजी का अनुमान लगाया जा रहा है.

बायोफार्मा कारोबार ने दिखाया अपना दम

बायोकॉन की इस बड़ी सफलता के पीछे सबसे बड़ा हाथ उसके बायोफार्मा कारोबार का है. मौजूदा समय में यह सेगमेंट कंपनी के लिए सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन साबित हो रहा है. इस कारोबार की रेवेन्यू 17 प्रतिशत बढ़कर 3,615 करोड़ रुपये हो गई है. इसमें बायोसिमिलर सेगमेंट ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 16 प्रतिशत की ग्रोथ के साथ 2,855 करोड़ रुपये की कमाई की है. वहीं, जेनेरिक दवाओं की बिक्री ने भी 21 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी दिखाई है और इससे 760 करोड़ रुपये आए हैं. हालांकि, जहां एक तरफ दवाइयों की बिक्री और नए प्रोडक्ट्स लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं कंपनी का सर्विसेज कारोबार थोड़ा सुस्त रहा है. इस सेगमेंट की रेवेन्यू 16 प्रतिशत घटकर 736 करोड़ रुपये पर आ गई है.

शेयर बाजार में कैसा है बायोकॉन का हाल?

नतीजों के जारी होने से ठीक पहले बुधवार को शेयर बाजार में बायोकॉन का शेयर हल्की बढ़त के साथ 425.20 रुपये पर बंद हुआ था. साल 2026 की शुरुआत से लेकर अब तक यह दिग्गज फार्मा शेयर अपने निवेशकों को करीब 10 प्रतिशत का रिटर्न दे चुका है. अगर पिछले एक साल का रिकॉर्ड देखें, तो इस शेयर में 14 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आ चुकी है. अब जब कंपनी के मुनाफे में इतना बड़ा उछाल आया है, तो अगले कारोबारी दिन बाजार खुलते ही निवेशकों की खास नजर बायोकॉन के शेयरों पर ही टिकी रहने वाली है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.

Read More

google button