12:09 PM, 21-Jul-2026
Bihar Vidhan Sabha Live: सीएम सम्राट चौधरी ने क्या जवाब दिया?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सदस्यों की चिंताओं पर शिक्षा मंत्री समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां हाई स्कूलों के लिए जमीन उपलब्ध नहीं है, वहां छह महीने के भीतर जमीन की पहचान कर भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जमीन की तलाश का काम शुरू किया जा रहा है। कमरा और जमीन विहीन स्कूलों की सूची एक सप्ताह के भीतर तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं विपक्ष ने कहा कि कई स्थानों पर जमीन उपलब्ध होने के बावजूद सरकार भवन निर्माण नहीं करा रही है।
12:07 PM, 21-Jul-2026
Bihar Vidhan Sabha: दो कमरों में पढ़ रहे दो हजार बच्चे, विपक्ष ने उठाया यह मुद्दा
राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि कई स्कूल ऐसे हैं, जहां सिर्फ दो कमरों में विद्यालय संचालित हो रहे हैं और उन्हीं कमरों में 11वीं और 12वीं के करीब एक-एक हजार छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लगभग 40 फीसदी स्कूलों के भवन जर्जर हैं और कई जगह पेड़ के नीचे स्कूल चल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को इस बात की समीक्षा करनी चाहिए कि जरूरत से ज्यादा शिक्षक होने के बावजूद ऐसी स्थिति क्यों बनी हुई है। राजद विधायक आलोक मेहता ने कहा कि कई स्थानों पर जमीन उपलब्ध है और जहां जरूरत है, वहां सरकार स्कूल के बगल की जमीन का अधिग्रहण कर भवन निर्माण करा सकती है।
विज्ञापन
11:44 AM, 21-Jul-2026
Bihar Vidhan Sabha: राजद ने बीपीएससी TRE 4 पर सरकार से पूछा सवाल
प्रश्नोत्तर काल में राजद के विधायक गौतम कृष्ण में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से सवाल पूछा कि क्या मंत्री, यह बतलाने की कृपा करेंगे कि क्या यह बात सही है कि राज्य सरकार द्वारा जारी शिक्षक नियुक्ति कैलेण्डर के अनुसार प्रत्येक वर्ष अगस्त माह में शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ की जानी थी, किन्तु वर्ष 2025 में भी कैलेण्डर का पालन नहीं किया गया और वर्ष 2026 में भी अबतक TRE-4 की अधिसूचना जारी नहीं की गई है, यदि हां, तो शिक्षक अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार TRE-4 की अधिसूचना कबतक जारी करना चाहती है? इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि इसी महीने TRE 4 के लिए बीपीएससी को अधियाचना भेजने जा रहे हैं। अब तक 63 हजार शिक्षक मानक से अधिक हैं। हमलोगों ने जिला से विषयवार शिक्षकों की सूची मंगा चुके हैं ल। पहली बार जिला कैडर के आधार पर नौकरी देने की तैयारी की जा रही है। इस आधार पर नौकरी के बाद शिक्षकों को अन्य जिला में तबादला नहीं दिया जाएगा। इससे ट्रांसफर पोस्टिंग की सारी समस्या दूर हो जाएगा। बीपीएससी नियुक्ति की दिशा में काम कर रही है।
11:12 AM, 21-Jul-2026
Jantar Mantar CJP Protest भी सदन के बाहर बना मुद्दा
मंगलवार को सदन के बाहर बिहार के मुद्दों पर पोस्टरबाजी और दिल्ली हंगामे पर नारेबाजी करते विपक्षी। - फोटो : amar ujala digital
विधानसभा में दूसरे दिन भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। महागठबंधन के विधायकों ने आज भी विधानसभा में पेपर लीक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मुद्दे को उठाया। विधायकों ने जंतर मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि सरकार आम लोगों के आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। यह अन्याय है। छात्रों के अधिकार को खत्म किया जा रहा है। सरकार चंदा चोरी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर मौन क्यों है?
10:57 AM, 21-Jul-2026
Anant Singh :निशांत के साथ नहीं रहेंगे बाहुबली अनंत सिंह, तो फिर?
विधानसभा परिसर में जदयू विधायक बाहुबली अनंत सिंह ने कहा कि वह पहले भी चुनाव नहीं लड़ने की बात कह चुके हैं और आज भी अपने फैसले पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि मैं अब चुनाव नहीं लड़ूंगा। यह बात पहले भी कही थी और आज भी दोहरा रहा हूं। जैसे हम नीतीश कुमार के साथ रहे हैं, वैसे ही हमारा बेटा निशांत कुमार के साथ रहेगा।
10:27 AM, 21-Jul-2026
Bihar Vidhan Sabha: प्रश्नकाल और ध्यानाकर्षण में भी रहेंगे अहम मुद्दे
विधानसभा में प्रश्नकाल के बाद योजना एवं विकास विभाग और शिक्षा विभाग से जुड़े ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और पथ निर्माण विभाग की वार्षिक रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी। विधानसभा समितियों की रिपोर्ट और याचिकाएं भी प्रस्तुत की जा सकती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
09:58 AM, 21-Jul-2026
Bihar Vidhan Sabha Live: दिल्ली कांड पर बिहार में विपक्ष का हंगामा, शिक्षा विभाग के जुड़े सवालों पर गहमागहमी
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार का दिन खास है। सरकार आज कई संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। इधर, एक दिन पहले नीट और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लेकर सदन के अंदर और बाहर महागठबंधन के विधायकों ने जमकर प्रदर्शन किया। आज भी विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। दिन की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे। इसके बाद विभिन्न विभागों से संबंधित ध्यानाकर्षण सूचनाएं, सरकारी वक्तव्य, समिति प्रतिवेदन और अन्य दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाएंगे।