सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और मॉडल रिया अहीर इन दिनों 'बिग बॉस 20' को लेकर चर्चा में हैं। खबरों के मुताबिक, रिया शो में नजर आ सकती हैं और उनकी एंट्री का फैसला दर्शकों की वोटिंग के आधार पर होगा। रिया ने इस पूरे अनुभव को अपने लिए एक तरह का इम्तिहान बताया है। उनका मानना है कि अगर वह बिग बॉस के घर का हिस्सा बनती हैं, तो दर्शकों को उन्हें करीब से जानने और यह समझने का मौका मिलेगा कि वह असल जिंदगी में कैसी हैं।
रिया ने बताया कि जब उन्हें बिग बॉस में शामिल होने की खबर सामने आई, तो सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया जाने लगा। कुछ लोगों ने कहा कि उन पर शोहरत का असर हो गया है। इसी वजह से उन्होंने वोटिंग के जरिए लोगों का फैसला जानने का रास्ता चुना।
'बिग बॉस क्यों?' लोगों के सवाल पर रिया ने बताई वजह
रिया के मुताबिक, शुरुआत में उनके मन में भी यही सवाल था कि आखिर उन्हें बिग बॉस में क्यों जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने अपने पिता से इस बारे में बात की। पिता की एक सलाह ने उन्हें काफी प्रभावित किया।
रिया ने बताया कि उनके पिता ने उनसे कहा था कि किसी भी परिस्थिति में वह किस तरह प्रतिक्रिया देती हैं, यह पूरी तरह उनके हाथ में है। उन्होंने रिया पर खुद को दोबारा लॉन्च करने या कोई दूसरा फैसला लेने का दबाव नहीं बनाया। पिता की यह बात रिया के मन में बैठ गई।
इसके बाद रिया को लगा कि बिग बॉस उनके लिए दर्शकों से सीधे जुड़ने का एक अच्छा मौका हो सकता है। वह चाहती हैं कि लोग दूसरों की बातों या सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के आधार पर उनके बारे में राय न बनाएं, बल्कि उन्हें खुद देखकर अपना फैसला लें।
मुंबई पुलिस की वैन के सामने खड़े होने से हुई थीं वायरल
रिया अहीर उस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं, जब नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान वह मुंबई पुलिस की एक वैन के सामने अकेले खड़ी नजर आई थीं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से फैला और देखते ही देखते वह चर्चा में आ गईं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अंदाजा था कि उनके इस कदम को लोगों का इतना समर्थन मिलेगा, तो रिया ने कहा कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। उनके मुताबिक, उस वक्त उन्होंने जो किया, वह किसी प्लान का हिस्सा नहीं था, बल्कि पूरी तरह स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी।
रिया ने कहा कि उस घटना के काफी समय बाद भी जब वह उस वीडियो को देखती हैं, तो उन्हें लगता है कि उन्होंने उस वक्त वही किया जो उन्हें सही लगा।
'मैं उस एक्शन की वजह से बिग बॉस नहीं जा रही'
रिया ने साफ किया कि बिग बॉस में जाने की वजह सिर्फ उनका वायरल वीडियो नहीं है। उनके मुताबिक, वह लोगों से मिले प्यार और सपोर्ट को भी काफी अहम मानती हैं।
उन्होंने बताया कि वह पिछले 13 साल से थिएटर से जुड़ी हुई हैं और करीब 6 साल से मॉडलिंग कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने कई तरह के किरदार और अलग-अलग काम किए हैं। हालांकि, उनके अनुसार लोगों ने उन्हें सबसे ज्यादा तब पसंद किया, जब उन्होंने किसी किरदार में नहीं बल्कि अपने असली व्यक्तित्व यानी 'रिया' के रूप में लोगों के सामने कदम रखा।
अब रिया चाहती हैं कि अगर उन्हें बिग बॉस के घर में जाने का मौका मिलता है, तो दर्शक उन्हें बिना किसी धारणा के देखें और खुद तय करें कि वह वास्तव में कैसी इंसान हैं।