Bigg Boss 20: रैंकिंग के चक्कर में कटा 40% राशन, लव और अरिश्फा की जिद ने पूरे घर को भूखा रहने पर किया मजबूर!

Published on 23 सित॰ 2026

Bigg Boss 20: रैंकिंग के चक्कर में कटा 40% राशन, लव और अरिश्फा की जिद ने पूरे घर को भूखा रहने पर किया मजबूर!

बिग बॉस 20 के नए एपिसोड में लड़ाई

Bigg Boss 20 Episode 17: ‘बिग बॉस 20’ के घर में जंग का मैदान हर दिन एक नया मोड़ ले रहा है. जहां एक तरफ बीते दिन का सुलगता हुआ गुस्सा आज भी ज्वाला बनकर भड़कता दिखा, वहीं दूसरी तरफ पेट की भूख यानी ‘राशन’ को लेकर कंटेस्टेंट्स के बीच ऐसी ईगो की लड़ाई छिड़ी कि पूरे घर को उसका खामियाजा भुगतना पड़ा. बिग बॉस के एक नए टास्क ने घरवालों के रिश्तों की पोल खोलकर रख दी, जिसका नतीजा ये हुआ कि थाली में आने वाला खाना घटकर आधा से थोड़ा ज्यादा ही रह गया.

बिग बॉस के नए एपिसोड की शुरुआत वहीं से हुई जहां कल का विवाद थमा था. यंग डीएसए और अमन गांधी के बीच का झगड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा. यंग के भीतर इस बात की गहरी टीस थी कि अमन ने उनकी एक कीमती लाइफलाइन छीन ली. घर के बाकी सदस्य भी अब उनके झगड़ों में बीच-बचाव करने से बचते दिखे.

इसी बीच जब गुल्लू (कुशाल तंवर) से मामले को लेकर बात हुई, तो उन्होंने बिना किसी झिझक के साफ कह दिया कि हां, उन्होंने इस लड़ाई को और भड़काया है और उन्हें अपने किए पर रत्ती भर भी पछतावा नहीं है. उधर, अमन के गुट को जश्न मनाते देख आसिफ खान, यंग और आम्रपाली दुबे आपस में चर्चा करते नजर आए कि दूसरे ग्रुप का गेम प्लान सिर्फ दूसरों को नीचा दिखाकर खुश होना है. आम्रपाली ने तो लव गिल को दो-टूक हिदायत तक दे डाली कि वो गुल्लू से दूरी बनाकर रखें क्योंकि वो विरोधी खेमे का हिस्सा हैं.

गुल्लू का छलका दर्द

सुबह के हल्के-फुल्के डांस के बाद घर के भीतर कुछ बेहद सीरियस पल भी देखने को मिले. गुल्लू ने काजी तौकीर से दिल खोलकर बात करते हुए अपनी निजी जिंदगी का एक बड़ा दर्द शेयर किया. उन्होंने बताया कि उनकी शादीशुदा जिंदगी करीब 5 साल तक चली थी, जिसके बाद उनका तलाक हो गया. गुल्लू ने भावुक होते हुए कहा कि तमाम मुश्किलों के बाद आज उनके घरवाले उन पर फख्र महसूस करते हैं.

वहीं दूसरी तरफ, यंग डीएसए एक्ट्रेस ईशा रिखी से लाइफ एडवाइस लेते दिखे. यंग ने ईशा से पूछा कि किसी स्टार या सेलिब्रिटी से शादी करने के बाद रिश्ते को कैसे संभाला जाता है और खुद को उस माहौल में कैसे ढालना पड़ता है.

रैंकिंग टास्क पर संग्राम

शाम ढलते ही बिग बॉस ने घर के सबसे बड़े मुद्दे यानी वीकली राशन टास्क का बिगुल बजाया. नियम के मुताबिक, जिन सदस्यों की दोनों लाइफलाइन सुरक्षित थीं, उन्हें घर में अपने-अपने योगदान (कंट्रीब्यूशन) के हिसाब से खुद को 1 से लेकर नीचे तक रैंक करना था और दीवार की खिड़कियों को भरना था. इस पूरे कार्य की कमान बतौर संचालक कनिका मान के हाथों में सौंपी गई, जिनके पास रैंकिंग में फेरबदल करने का विशेषाधिकार था. लेकिन जैसे ही रैंकिंग तय करने की बात आई, घर में महाभारत छिड़ गई. अमन गांधी और लव गिल आमने-सामने आ गए. लव ने 7वें नंबर पर जाने से साफ इनकार कर दिया. बात इतनी बढ़ गई कि इस विवाद की आंच अरिश्फा खान तक पहुंच गई. अरिश्फा और लव के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और दोनों ही अपनी तय रैंकिंग से टस से मस होने को तैयार नहीं हुए.

घरवालों की आपसी जिद और ईगो के चलते टास्क अधर में लटकता दिखा. आखिरकार, संचालक कनिका मान ने अपने विशेषाधिकार का इस्तेमाल करते हुए रैंकिंग पर मुहर लगाई. लेकिन घरवालों की इस आपसी नासमझी और समय गंवाने की सजा बिग बॉस ने पूरे घर को दी, नतीजतन घर के हिस्से 100% की जगह महज 60% राशन ही आया.

भावुक हुईं ईशा रिखी

टास्क के भारी ड्रामे के बाद घर का माहौल उस वक्त बेहद गमगीन हो गया जब ईशा रिखी अपने पुराने ट्रॉमा को याद करके फूट-फूटकर रोने लगीं. ईशा का दर्द देखकर आम्रपाली दुबे भी अपने आंसू नहीं रोक पाईं और उन्होंने ईशा को गले लगाकर ढांढस बंधाया. दिन के अंत में जहां 60 फीसदी राशन देखकर कंटेस्टेंट्स ने राहत की सांस ली, वहीं एपिसोड का सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब बिग बॉस के घर में काजी तौकीर को उनके अनूठे स्टाइल और स्वैग के लिए ‘बेस्ट फैशन आइकन’ चुना गया और उन्हें एक खास वाउचर से नवाजा गया.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

google button