Bhumi Pednekar On Viral Abusive Videos: क्या हम अपने घर के बड़े-बुजुर्गों से ऐसे बात करते हैं? PM को अपशब्द कहने वालों पर भड़कीं भूमि पेडनेकर

Published on 2 अग॰ 2026

Bhumi Pednekar On Viral Abusive Videos: दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए जेन-जी प्रोटेस्ट से ऐसे कई वीडियो वायरल हुए, जिसमें युवा गाली गलोच और अपशब्दों का इस्तेमाल करते दिखाई दिए. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक वीडियो में गाली-गलोच वाले वीडियो का जिक्र किया और कहा कि वो उन युवाओं को माफ करना चाहते हैं. अब फिल्म अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने युवाओं के पीएम मोदी को लेकर वायरल अपशब्द वाले वीडियो पर अपनी बात रखी है. वो पीएम को अपशब्द कहने वालों पर भड़की नज़र आ रही हैं. उन्होंने सवाल किया है कि क्या हम अपने घर पर अपने बड़े-बुजुर्गों से ऐसे बात करते हैं.

इंस्टाग्राम पर भूमि पेडनेकर ने एक वीडियो जारी किया है. इसमें वो छात्रों के प्रदर्शन पर अपनी बात रखती दिखाई दे रही हैं. साथ ही वो अपशब्द वाले वीडियो पर भी रिएक्ट कर रही हैं. वो कहती हैं., “हम सब क्या चाहते हैं? हम चाहते हैं कि देश की प्रगति हो. पिछले कुछ हफ्तों में जो भी बातें हुई थीं, वो इसलिए हुई थीं क्योंकि हम चाहते थे कि एक पॉजिटिव, सही तरीके से जो चीज़ें ठीक करने की जरूरत है वो चीज़ें ठीक हों, वो आवाज हमारे लीडरशिप तक पहुंची और मुझे लगता है कि एक पॉजिटिव बदलाव की शुरुआत हुई है. एंटी पेपर लीक बिल पास हुआ है. फास्ट ट्रैक कोर्ट लग गए हैं. और सिस्टेमैटिक बदलाव होंगे. हालांकि मैं बहुत सारी ऐसी बातें थीं आंदोलन की, जिससे सहमत थी, पर ऐसी कई बातें थी, जिससे मैं सहमत नहीं थी. मुझे नहीं लगता कि किसी ने भी सही सिस्टेमैटिक बदलाव का स्ट्रक्चर ऑफर किया है. हमने जो मांगें मांगी थीं, वो सही थे. हर्जाना मिलना ही चाहिए क्योंकि छात्रों ने अपनी जान गंवाई है.”

भूमि कहती हैं, “एक पढ़ा-लिखा तबका ये आंदोलन चला रहा था. हमें तो एक्सपीरियंस है, हम बाहर भी पढ़कर आए हैं, हम यहां पर भी पढ़ें हैं. हम जानते हैं क्या गैप्स हैं. और उन गैप्स को भरने का एक सही तरीका भी हो सकता है, वो मुझे कहीं नहीं दिखा. आंदोलन खत्म होने के बाद मैं उम्मीद कर रही थी कि जब मांगे मान ली गई हैं, तब ये बातचीत होगी, लेकिन तब भी नहीं हुई हैं. शिक्षा सुधार में, हमारे प्राइमरी एजुकेशन को मजबूत करना, सेकेंड्री एजुकेशन को मजबूत करना, अच्छे शिक्षकों को लाना. उनको मजबूत करना. अच्छा आधारभूत ढांचा देना.”

“सब गाली-गलोच पर उतर आए हैं”

भूमि ने इस दौरान बदलाव में तनकीक के इस्तेमाल की बात कही. वो कहती हैं, “हम ऐसे वक्त में जी रहे हैं, जब भारत में बेस्ट तकनीक हैं. हम उन तकनीक को इस्तेमाल करके जो भी सिस्टम में दिक्कतें हैं, उन्हें कैसे ठीक कर सकते हैं. मैं उम्मीद करती हूं कि इस पर बात हो और होती रहे. लेकिन अभी क्या हो रहा है न सब गाली-गलोच पर उतर आए हैं. ये जो वीडियोज़ हैं, वो मैंने प्रोटेस्ट के दौरान भी देखी थीं. लेकिन तब हम एक ऐसे बातचीत में थे, जिससे देश का भला होता, तो उसको इतना महत्व देना शायद (सही) नहीं था.”

वायरल वीडियोज का जिक्र करते हुए भूमि कहती हैं, “अब जितनी वीडियो आ रही हैं और जिस प्रकार की भाषा इस्तेमाल हो रही है. हमारे देश के नौजवान जैसे बात कर रहे हैं. इस तरह से हम बात नहीं करते. हम उस शख्स के बारे में बात कर रहे हैं, जो देश में बड़े पद पर हैं. सिर्फ पद की बात नहीं, क्या हम अपने देश के, अपने घर के बड़े बुजुर्गों से ऐसे बात करेंगे. क्या हम गाली गलोच कर पाएंगे. ये हमारी संस्कृति नहीं है. ये गलत है. ये बात मुझे बहुत खटक रही थी, इसलिए मैं बोलना चाह रही थी.”

भूमि ने बताया कैसे आएगा बदलाव?

उन्होंने कहा, “एक देश की प्रगति तभी होगी, तभी आगे बढ़ेगा, जब एकता के साथ हम जो कमियां हैं, उनके बारे में भी बात करें और जो अच्छी चीज़ हैं, उनके बारे में भी बात करें. और हमारी मजबूती हमारा कल्चर है. हमारी वैल्यू सिस्टम है, उससे दूर हमें नहीं जाना चाहिए, वरना जो सही बातें हैं, वो सही तरीके से हम दूसरों तक नहीं पहुंचा पाएंगे और वो कभी लागू नहीं होंगी, और बदलेंगी नहीं.”

मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.

Read More

google button