Bhopal Protes: ₹9,383 स्टाइपेंड पर आयुष इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन, भोपाल कलेक्ट्रेट पहुंचे 100 से ज्यादा डॉक्टर - Haribhoomi

Published on 22 सित॰ 2026

भोपाल में 100 से ज्यादा आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डॉक्टरों का कहना है कि मध्य प्रदेश में उन्हें 9,383 रुपए प्रतिमाह मिल रहे हैं, जबकि कई राज्यों में यह राशि काफी ज्यादा है। एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाए जाने के बाद अब आयुष डॉक्टर भी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

AYUSH Intern Doctors

₹9,383 स्टाइपेंड पर आयुष इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन

  • Published: 22 Sep 2026, 02:30 PM IST
  • Last Updated: 22 Sep 2026, 02:30 PM IST

भोपाल: एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के बाद अब आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने भी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को 100 से ज्यादा आयुष इंटर्न डॉक्टर भोपाल कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। डॉक्टरों का कहना है कि मध्य प्रदेश में उन्हें हर महीने सिर्फ 9,383 रुपए स्टाइपेंड मिल रहा है, जो कई राज्यों की तुलना में काफी कम है।

इंटर्न डॉक्टर दोपहर करीब 12 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। मुख्य गेट पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद बाहरी गेट भी बंद कर दिया गया और मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे।

बोले- दूसरे राज्यों में ज्यादा स्टाइपेंड
प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों ने अलग-अलग राज्यों में मिलने वाले स्टाइपेंड का आंकड़ा भी बताया। उनका दावा है कि पश्चिम बंगाल में आयुष इंटर्न डॉक्टरों को 33,099 रुपए प्रति माह मिलते हैं। ओडिशा में 30 हजार, तेलंगाना में 29,792 रुपए और बिहार में 27 हजार रुपए स्टाइपेंड दिया जा रहा है।

इसी तरह आंध्र प्रदेश में 25,906 रुपए, केरल में 23 हजार, कर्नाटक में 22,500 रुपए, असम और महाराष्ट्र में 18 हजार रुपए तथा छत्तीसगढ़ में 15,900 रुपए दिए जाते हैं। पंजाब और उत्तराखंड में 15 हजार रुपए, राजस्थान में 14 हजार रुपए के साथ डीए भी दिया जाता है।

हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में 10 हजार रुपए स्टाइपेंड मिलने की बात कही गई है। डॉक्टरों का कहना है कि इन राज्यों की तुलना में मध्य प्रदेश में मिलने वाला 9,383 रुपए का स्टाइपेंड कम है। इसी वजह से वे सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

एमबीबीएस डॉक्टरों के बाद आयुष इंटर्न का प्रदर्शन
यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले ही गांधी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर आंदोलन किया था। तीन दिन चले प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम होने के बाद सरकार ने इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 50 प्रतिशत बढ़ाकर 21,500 रुपए प्रतिमाह करने की मांग मान ली थी।

उस आंदोलन के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज और वॉटर कैनन इस्तेमाल करने के मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया था। मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई और घायल छात्रों के इलाज के निर्देश भी दिए गए थे। जांच अभी जारी है।

इसी बीच अब आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने भी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें भी दूसरे राज्यों के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड दिया जाना चाहिए।