भोपाल में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का पांच दिवसीय ट्रायल रन शुरू हो गया है। महापौर मालती राय ने ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। पहले दिन पुराने शहर में जाम, अतिक्रमण, ऑटो और ई-रिक्शा के कारण बसों की रफ्तार प्रभावित रही। ट्रायल के दौरान रूट, ट्रैफिक, चार्जिंग और संचालन व्यवस्था की जांच की जाएगी।
भोपाल में PM ई-बस सेवा का ट्रायल रन शुरू
- Published: 21 Jul 2026, 10:37 AM IST
- Last Updated: 21 Jul 2026, 10:37 AM IST
भोपाल: राजधानी भोपाल में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा (PM e-Bus Sewa) की शुरुआत की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मंगलवार से ट्रायल रन शुरू कर दिया गया। महापौर मालती राय ने ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी ई-बस में सफर कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हालांकि ट्रायल के पहले ही दिन पुराने शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम के कारण ई-बसों की रफ्तार प्रभावित रही।
कई जगह रुक-रुककर चलना पड़ा
ट्रायल रन के दौरान सामने आया कि पुराने भोपाल की संकरी सड़कों, अतिक्रमण, ऑटो और ई-रिक्शा की वजह से बसों को कई जगह रुक-रुककर चलना पड़ा। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनने से बसें तय समय पर आगे नहीं बढ़ सकीं। अधिकारियों का कहना है कि इन समस्याओं का अध्ययन कर नियमित संचालन से पहले जरूरी सुधार किए जाएंगे।
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) की ओर से ई-बसों का ड्राई रन तीन अलग-अलग रूटों पर किया जा रहा है। यह ट्रायल लगातार पांच दिन तक चलेगा। इस दौरान बसों के रूट, ट्रैफिक की स्थिति, स्टॉपेज, चार्जिंग सिस्टम और संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक ट्रायल रन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नियमित सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी वजह से ड्राई रन के दौरान आम यात्रियों को बसों में सफर करने की अनुमति नहीं दी गई है। केवल तकनीकी टीम और संबंधित अधिकारी ही बसों में मौजूद रहेंगे।
ट्रायल के दौरान यह भी देखा जाएगा कि बसें तय समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच रही हैं या नहीं। साथ ही चार्जिंग स्टेशन की क्षमता, बैटरी बैकअप और ट्रैफिक के बीच बसों के संचालन का भी परीक्षण किया जाएगा। यदि कहीं तकनीकी या यातायात संबंधी बाधाएं सामने आती हैं तो नियमित सेवा शुरू होने से पहले उनका समाधान किया जाएगा।
नगर निगम और बीसीएलएल का कहना है कि ट्रायल सफल रहने के बाद राजधानी में पीएम ई-बस सेवा आम लोगों के लिए शुरू कर दी जाएगी। नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहर में प्रदूषण कम होगा, सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल यात्रा का विकल्प मिलेगा।
अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल रन से मिले अनुभव के आधार पर अंतिम योजना तैयार की जाएगी, ताकि ई-बस सेवा शुरू होने के बाद संचालन सुचारु और समयबद्ध तरीके से किया जा सके।