Published: Saturday, September 5, 2026, 18:52 [IST]
Bank of Baroda Vacancy: बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती सामने आई है। बैंक ऑफ बड़ौदा की पूरी तरह से मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी बड़ौदा ग्लोबल शेयर्ड सर्विसेज लिमिटेड (BGSSL) ने साल 2026 में बड़े स्तर पर भर्ती का ऐलान किया है। कंपनी ने करीब 1,949 पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती में कुल 18 अलग-अलग तरह के पद शामिल हैं, जिनमें फ्रेशर्स के साथ अनुभवी उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
कलेक्शन, डिजिटल बैंकिंग, ट्रेड सर्विसेज, सेल्स, आईटी, एचआर और एडमिनिस्ट्रेशन जैसे कई विभागों में नौकरी का मौका मिलेगा। कुछ पदों के लिए 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, जबकि कुछ पदों के लिए ग्रेजुएशन, अनुभव और जरूरी सर्टिफिकेट मांगे गए हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 है।
18 तरह के पदों पर होगी भर्ती
BGSSL की यह भर्ती कई अलग-अलग विभागों के लिए निकाली गई है। कंपनी कलेक्शन, डिजिटल बैंकिंग, ग्लोबल ट्रेड सर्विसेज, अकाउंट मैनेजमेंट, एचआर, एडमिनिस्ट्रेशन, आईटी और रिटेल सेल्स से जुड़े पदों पर उम्मीदवारों का चयन करेगी। इसके अलावा फील्ड कलेक्शन, डिजिटल ऑनबोर्डिंग और आधार से जुड़े कामों के लिए भी बड़ी संख्या में भर्तियां की जाएंगी।
ये भी पढ़ें: NEET UG 2026: बिहार में बढ़ीं 100 MBBS सीटें, छपरा और समस्तीपुर में इस सत्र से शुरू होंगा एडमिशन
इन पदों पर सबसे ज्यादा वैकेंसी
इस भर्ती में कई पदों पर बड़ी संख्या में खाली जगह हैं। प्रमुख पदों की संख्या इस प्रकार है-
- अप्रेंटिस (टेली कॉलिंग): 150 पद
- टेली-कलेक्शन एजेंट: 100 पद
- फील्ड कलेक्शन ऑफिसर: 400 पद
- डिजिटल ऑनबोर्डिंग स्पेशलिस्ट: 400 पद
- सेल्स ऑफिसर/एएसएम/आरएसएम: 350 पद
- आधार ऑपरेटर: 400 पद
इसके अलावा एग्जीक्यूटिव, प्रोक्योरमेंट मैनेजर, एमआईएस एनालिस्ट, डेस्कटॉप सपोर्ट एनालिस्ट और डिप्टी मैनेजर जैसे पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
देश के कई शहरों में मिलेगी नौकरी
चयनित उम्मीदवारों की तैनाती देश के अलग-अलग शहरों में की जा सकती है। इनमें गिफ्ट सिटी-गांधीनगर, वडोदरा, बेंगलुरु और जोगेश्वरी-मुंबई शामिल हैं। कई पद पैन इंडिया स्तर पर भी उपलब्ध हैं। यानी देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में नौकरी के मौके मिल सकते हैं।
फील्ड कलेक्शन ऑफिसर, डिजिटल ऑनबोर्डिंग स्पेशलिस्ट, सेल्स से जुड़े पद और आधार ऑपरेटर जैसी नौकरियां देश के कई हिस्सों में उपलब्ध हैं। ऐसे में छोटे शहरों और कस्बों के उम्मीदवारों के लिए भी यह भर्ती अहम हो सकती है।
12वीं पास को भी मिलेगा मौका
इस भर्ती में सभी पदों के लिए एक जैसी शैक्षणिक योग्यता नहीं रखी गई है। योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग है। फील्ड कलेक्शन ऑफिसर और डिजिटल ऑनबोर्डिंग से जुड़े कुछ पदों के लिए न्यूनतम 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, प्रोक्योरमेंट मैनेजर और डेस्कटॉप सपोर्ट एनालिस्ट जैसे पदों के लिए ग्रेजुएशन के साथ संबंधित काम का अनुभव और कुछ जरूरी सर्टिफिकेशन मांगे गए हैं।
आधार ऑपरेटर के लिए जरूरी है यह सर्टिफिकेट
आधार ऑपरेटर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को एक खास शर्त पूरी करनी होगी। इस पद के लिए उम्मीदवार के पास एक्टिव NSEIT सर्टिफिकेट होना जरूरी है। ऐसे उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले यह जांच लेना चाहिए कि उनका सर्टिफिकेट भर्ती की शर्तों के अनुसार वैध है या नहीं।
अग्निवीर और करियर ब्रेक के बाद लौटने वाली महिलाओं को प्राथमिकता
BGSSL ने भर्ती में कुछ उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात भी कही है। तय पात्रता की शर्तें पूरी करने वाले अग्निवीरों को भर्ती में प्राथमिकता मिल सकती है। इसके अलावा करियर में ब्रेक के बाद दोबारा नौकरी शुरू करने की तैयारी कर रही महिलाओं को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है। हालांकि, उम्मीदवारों को संबंधित पद की जरूरी शैक्षणिक योग्यता और दूसरी शर्तें पूरी करना जरूरी होगा।
30 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
BGSSL की इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए 30 सितंबर 2026 तक का समय है। इच्छुक उम्मीदवार कंपनी के करियर पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को उस पद का चयन करना होगा, जिसके लिए वे योग्यता रखते हैं।
ईमेल से भी भेज सकते हैं रिज्यूमे
ऑनलाइन आवेदन के अलावा उम्मीदवार ईमेल के जरिए भी अपना रिज्यूमे भेज सकते हैं। ईमेल भेजते समय उम्मीदवार को यह साफ तौर पर बताना चाहिए कि वह किस पद के लिए आवेदन कर रहा है। इससे आवेदन की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकता है।
क्या यह बैंक ऑफ बड़ौदा की सरकारी नौकरी है?
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले एक जरूरी बात समझ लेनी चाहिए। BGSSL, बैंक ऑफ बड़ौदा की पूरी तरह से मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी है, लेकिन इस भर्ती को सीधे बैंक ऑफ बड़ौदा की सरकारी बैंक भर्ती नहीं माना जाएगा।
हालांकि, कंपनी के कई पद बैंक ऑफ बड़ौदा के कामकाज से जुड़े हो सकते हैं। इनमें फील्ड कलेक्शन, CASA स्क्रूटनी और ट्रेड ऑपरेशंस जैसे काम शामिल हैं। इसलिए उम्मीदवारों को पद की प्रकृति और नौकरी की शर्तों को ध्यान से पढ़ने के बाद ही आवेदन करना चाहिए।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
कंपनी ने भर्ती प्रक्रिया में जरूरत पड़ने पर बदलाव, संशोधन या भर्ती रद्द करने का अधिकार अपने पास रखा है। भर्ती से जुड़ा कोई भी नया अपडेट केवल कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और करियर पेज पर जारी किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को किसी दूसरे स्रोत की जानकारी पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय आधिकारिक वेबसाइट पर भर्ती से जुड़ी जानकारी समय-समय पर चेक करते रहना चाहिए।
आवेदन की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 है, इसलिए योग्य उम्मीदवारों के लिए आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करना बेहतर रहेगा।
ये भी पढ़ें: NEET UG Round 2 Counselling के लिए 659 MBBS-BDS सीटें बढ़ीं, AIIMS-KGMU की भी लिस्ट जारी