Betul Road Accident: नागपुर-बैतूल हाईवे पर ट्रक में घुसी कार, पति-पत्नी समेत 3 की मौत; 9 घायल - Haribhoomi

Published on 22 अग॰ 2026

बैतूल-नागपुर हाईवे पर मुलताई के पास कार खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में पति-पत्नी समेत 3 लोगों की मौत और 9 लोग घायल हुए। छह घायलों को नागपुर रेफर किया गया।

Betul Road Accident

Betul Road Accident

  • Published: 22 Aug 2026, 01:55 PM IST
  • Last Updated: 22 Aug 2026, 01:55 PM IST

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुलताई के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बूटीबोरी क्षेत्र से सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

खड़े ट्रक में जा घुसी कार
हादसा शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे मुलताई के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की पहचान हो गई है। तीसरी मृत महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेज दिया है।

चालक को झपकी आने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पीछे जा घुसी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

कार में सवार सभी लोग नागपुर के पास बूटीबोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे MH 49 C 4756 नंबर की कार से सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए निकले थे।

9 घायल, छह को नागपुर किया गया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल मुलताई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए छह घायलों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया। घायलों में नैतिक गांधीवार (10), उज्ज्वला (45), नीता (25), अनुष्का (18), संगीता एकनाथ, शंभु, नंदन, प्रज्ज्वल और सौरभ (20) शामिल हैं।

टक्कर में कार का अगला हिस्सा चकनाचूर
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर में कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया था। आगे की सीट पीछे की ओर खिसक गई, जबकि कार की छत को भी काफी नुकसान पहुंचा।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।