Updated On: Jul 21, 2026 | 08:46 PM IST
विज्ञापन
सार
BEST Bus Modernization: मुंबई में BEST सेवा के कायाकल्प की तैयारी तेज। डबल डेकर बसों का विस्तार, नए रूट, इलेक्ट्रिक बसें, भर्ती और किराया सुधार पर फास्ट ट्रैक अमल के निर्देश।

बेस्ट बसें (सोर्स: AI)
विस्तार
BEST Bus Modernization Recruitment: मुंबई की लाइफलाइन ‘बेस्ट’ को बदलने और यात्रियों का सफर संवारने के लिए बड़े स्तर पर ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। डबल डेकर बसों का विस्तार होगा। नए बस रूट शुरू किए जाएंगे। इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा बढ़ेगा। बेस्ट की अपनी बसों की संख्या में इजाफा होगा। चालक-परिचालकों की लंबित भर्ती पूरी की जाएगी।
किराया सुधार पर भी फैसला होगा। इन सभी प्रस्तावों पर बेस्ट समिति की अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव ने अधिकारियों को व्यवहार्यता जांचकर फास्ट ट्रैक पर अमल शुरू करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इन फैसलों से बेस्ट सेवा अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और यात्री-केंद्रित बनेगी।
बैठक में लिया गया निर्णय
मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली बेस्ट सेवा को अधिक सक्षम, आधुनिक और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। सोमवार को बेस्ट समिति और ‘आपली बेस्ट आपल्याचसाठी’ यात्री संगठन की संयुक्त विशेष बैठक बेस्ट समिति की अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बस मार्गों के पुनर्गठन, डबल डेकर बस सेवा, इलेक्ट्रिक बसों और मानव संसाधन भर्ती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्बंधित ख़बरें
बैठक में संगठन के अध्यक्ष रुपेश शेलटकर ने यात्रियों की भागीदारी से सफल हुए बस मार्ग सुधारों की प्रस्तुति दी। उन्होंने मुंबई की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी डबल डेकर बस सेवा को केवल दक्षिण मुंबई तक सीमित न रखकर उपनगरों और पर्यटन स्थलों तक विस्तार देने की मांग की।
साथ ही लंदन, मैसूर और केरल की तर्ज पर मार्ग संख्या 123 और 124 पर तत्काल डबल डेकर बस सेवा शुरू करने का अभिनव प्रस्ताव भी रखा। इन सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए अध्यक्ष विश्वासराव ने अधिकारियों को व्यवहार्यता जांचकर शीघ्र अमल करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
अन्य यात्री हित के मुद्दों पर भी चर्चा
बैठक में यात्रियों से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इनमें ईस्टर्न फ्रीवे पर फास्ट बस सेवा शुरू करना, अटल सेतु के जरिए मुंबई-नवी मुंबई सीधी बस कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना, एसी और नॉन-एसी बसों के किराए के अंतर को कम करना तथा ‘चलो’ प्रीमियम बस के बढ़े हुए किराए की समीक्षा करना शामिल रहा।
इसके अलावा ठेका प्रणाली पर निर्भरता कम कर बेस्ट के स्वामित्व वाले बस बेड़े का विस्तार करने और चालक-परिचालकों की लंबित भर्ती जल्द पूरी करने के प्रस्ताव पर भी प्रशासन ने सकारात्मक संकेत दिए।
यह भी पढ़ेः- छत्रपति संभाजीनगर: 5.96 करोड़ के सहकारी घोटाले में तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सात दिन की पुलिस हिरासत
त्वरित अमल के निर्देश
यात्री संगठन द्वारा प्रस्तुत अध्ययन पूर्ण और तथ्याधारित सुझावों की सराहना करते हुए अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव ने कहा कि नियमों की आड़ लेने के बजाय यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सभी प्रस्तावों की व्यवहार्यता का तत्काल परीक्षण कर शीघ्र अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विश्वास व्यक्त किया गया कि प्रशासन और यात्रियों के बीच इस तरह का संवाद बेस्ट के पुनरुद्धार और आधुनिकीकरण की दिशा में निर्णायक साबित होगा।
