सूर्यकुमार यादव से BCCI ने फोन पर क्या कहा? टीम से ड्रॉप होने पर पहली बार तोड़ी चुप्पी

Published on 29 अग॰ 2026

सूर्यकुमार यादव से BCCI ने फोन पर क्या कहा? टीम से ड्रॉप होने पर पहली बार तोड़ी चुप्पी

सूर्यकुमार यादव का बड़ा खुलासा. (फोटो- PTI)

Suryakumar Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ऐतिहासिक खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव ने टूर्नामेंट के तुरंत बाद कप्तानी छिनने और टीम से बाहर किए जाने पर चुप्पी तोड़ी है. जुलाई 2024 में टी20 टीम की कमान संभालने वाले सूर्या की अगुवाई में भारत ने न सिर्फ अजेय रहते हुए कई सीरीज जीतीं, बल्कि 2025 एशिया कप और 8 मार्च 2026 को टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भी अपने नाम किया. इसके बावजूद सेलेक्टर्स ने खराब फॉर्म का हवाला देते हुए सूर्यकुमार को टीम से ही बाहर कर दिया और श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान नियुक्त किया.

सूर्यकुमार यादव का बड़ा खुलासा

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने अपने दिल का दर्द साझा किया. सूर्या ने कहा, ‘मैं करीब डेढ़ महीने तक घर बैठकर सोचता रहा कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है. मुझे उम्मीद थी कि मैं 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक और अगले टी20 वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम की कप्तानी करूंगा.’ सूर्या ने बताया कि टीम सेलेक्शन से तीन दिन पहले बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी ने उनसे फोन पर बात की थी और कहा था कि इंग्लैंड सीरीज के लिए उनका नाम नहीं होगा क्योंकि अब भविष्य की टीम बनाने का समय आ गया है.

उन्होंने आगे कहा, ‘जब मेरा नाम टीम में नहीं था, तब मैं मुस्कुराया. मैच के दौरान जब भी दबाव की स्थिति आई, मैंने खुद को शांत रखने की कोशिश की. मैंने सोचा नहीं था कि ऐसा होगा. मैंने कोई रिएक्ट नहीं किया, क्योंकि इसमें मेरी गलती नहीं थी.’ मुश्किल फैसले के बाद भी सूर्या ने सेलेक्टर्स से कहा कि जो फैसला लिया गया है, वो निश्चित ही टीम की भलाई के लिए होगा. आपने फैसला लिया और मुझे बता दिया, इसमें कोई समस्या नहीं है. मैं खेलता रहूंगा और जब भी आपको सही समय लगे, मुझे टीम में वापस बुला लीजिएगा.’

भारत के सबसे सफल टी20 कप्तानों में शुमार सूर्या

सूर्यकुमार यादव का टी20 इंटरनेशनल कप्तानी रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे बेहतरीन में से एक है. उनकी कप्तानी में भारत ने कुल 52 टी20 मैच खेले. इस दौरान टीम इंडिया को 42 मैचों में जीत मिली और सिर्फ 8 मैचों में हार का सामना किया. यानी भारत का जीत प्रतिशत 80.76 का रहा. कप्तानी और टीम से अचानक बाहर होने के बावजूद सूर्यकुमार ने खुद को मिले मौकों के लिए शुक्रिया भी कहा और भविष्य में घरेलू क्रिकेट के जरिए दोबारा वापसी का भरोसा जताया.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button