ट्रॉफी को लेकर फिर टकराएंगे BCCI और मोहसिन नकवी? एक साल बाद फिर छिड़ने वाला है बवाल

Published on 20 अग॰ 2026

ट्रॉफी को लेकर फिर टकराएंगे BCCI और मोहसिन नकवी? एक साल बाद फिर छिड़ने वाला है बवाल

एशिया कप ट्रॉफी को लेकर फिर टकराएंगे BCCI और PCB?Image Credit source: PTI & Getty Images

भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. राजनीतिक और सैन्य रिश्तों में तो सालों से तनाव और टकराव है. खेलों की दुनिया में भी इसका असर दिखता रहा है. मैदान पर खिलाड़ियों की भिड़ंत कोई नई नहीं है. मगर अब एक नया मोर्चा खुल चुका है, जिसका पहला नजारा पिछले साल 2025 में दिखा था और इस साल फिर इसके दोहराव की आशंका है. ये द्वंद्व है एशियाई क्रिकेट काउसिंल (ACC) का, जहां पाकिस्तान के मोहसिन नकवी के कारण एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर विवाद छिड़ गया था और अब विमेंस एशिया कप 2026 में भी इसकी आशंका बनी हुई है.

28 अगस्त से UAE में महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत हो रही है. इस बार भी टूर्नामेंट में 8 टीम हिस्सा ले रहे हैं लेकिन असली मुकाबला भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमों के बीच ही होगा. भारतीय टीम एक बार फिर खिताब की सबसे मजबूत दावेदार है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम का कम से कम फाइनल तक पहुंचना तय ही नजर आ रहा है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल फाइनल के बाद के कार्यक्रम का है.

अगर भारतीय टीम उम्मीदों पर खरी उतरती है और फाइनल जीतती है तो सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है कि ट्रॉफी का क्या होगा? क्या एक बार फिर ACC के पाकिस्तानी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ही ट्रॉफी देने आएंगे? अगर ऐसा है तो क्या टीम इंडिया उनके हाथ से ट्रॉफी लेगी? क्या नकवी एक बार फिर ट्रॉफी लेकर अपने होटल चले जाएंगे? ये सारे सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि पिछले साल मेंस एशिया कप में बिल्कुल यही हुआ था और इस विवाद का अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है. अगर ऐसी ही स्थिति फिर उबरती है तो BCCI इस बार इसका निपटारा करने के लिए क्या करेगी?

अगस्त-सितंबर 2025 में UAE में ही मेंस एशिया कप खेला गया था, जो भारत और पाकिस्तान के बीच मई में हुए सैन्य टकराव के कुछ ही महीनों बाद आयोजित हुआ था. भारत और पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में तीन बार टकराए थे और तीनों बार उस जंग की छाया मैदान पर नजर आ रही थी. भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था. फिर फाइनल में पाकिस्तान को हराकर जब भारतीय टीम ने एशिया कप जीता, तो उसने मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था. नकवी भी ट्रॉफी देने की जिद पर अड़े हुए थे. फिर वो ट्रॉफी लेकर अपने होटल भाग गए थे और तब से ही ये ट्रॉफी अभी तक टीम इंडिया को नहीं मिली है. ऐसे में एक बार फिर ऐसा बवाल होने का खतरा मंडरा रहा है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button