BCCI के सामने फिर से आ सकती है मोहसिन नकवी की समस्या, महिला एशिया कप को लेकर टिकी सभी की नजरें - India TV Hindi

Published on 20 अग॰ 2026

महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत 28 अगस्त से होगी जिसमें कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं और उनको 4-4 के दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। इस बार महिला एशिया कप की मेजबानी यूएई कर रहा है जिसमें सभी मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। बीसीसीआई की तरफ से टूर्नामेंट के लिए भारतीय महिला टीम के स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया था जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी हरमनप्रीत सिंह संभालते हुए नजर आएंगी। वहीं इस टूर्नामेंट में बीसीसीआई को जो एक बड़ी समस्या या फिर अजीब स्थिति का सामना करना पड़ सकता है वह फाइनल मुकाबले में होने वाली अवॉर्ड सेरेमनी। यदि भारतीय महिला टीम ट्रॉफी जीतने में कामयाब होती है तो क्या वह एशियन क्रिकेट काउंसिल के मौजूदा प्रमुख मोहसिन नकवी जो पीसीबी चीफ भी है उनके हाथों से ट्रॉफी लेगी या नहीं।

अभी तक बीसीसीआई ने अपना स्टैंड नहीं किया क्लियर

भारतीय पुरुष टीम ने जब साल 2025 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में फाइनल मुकाबले में पाकिस्तानी टीम को मात देने के बाद ट्रॉफी को अपने नाम किया था, तो वहीं उसके बाद उन्होंने अवॉर्ड सेरेमनी में मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था। इसके बाद नकवी ट्रॉफी को अपने साथ लेकर चले गए थे जो अब तक भारतीय टीम को नहीं मिली है। नकवी जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख हैं और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। भारतीय महिला टीम को आगामी एशिया कप में पाकिस्तान के साथ ही ग्रुप-ए में रखा गया है जिसमें दोनों टीमों की भिड़ंत 5 सितंबर को होगी। वहीं सभी के मन में सबसे बड़ा सवाल अब यह है कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम यदि एशिया कप के खिताब को जीतती है तो क्या वह अवॉर्ड सेरेमनी में मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेगी या नहीं। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इस मामले में बीसीसीआई ने अब तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन बोर्ड का यह साफतौर पर मानना है कि दोनों टीमों के बीच किसी प्रकार की भी औपचारिक बातचीत नहीं होगी, लेकिन वह अवॉर्ड सेरेमनी के लिए इंतजार करने की नीति अपनाएगा। पिछले साल की तरह विवाद से बचने का एक तरीका यह हो सकता है कि नकवी स्वयं ट्रॉफी प्रदान नहीं करें और एशियाई क्रिकेट परिषद के किसी अन्य अधिकारी को यह सम्मान प्रदान करने दें।

अभी भी एसीसी के ऑफिस में रखी है ट्रॉफी

पीसीबी चीफ और मौजूदा एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नकवी ने जब भारतीय पुरुष टीम को ट्रॉफी किसी और के द्वारा नहीं देने दी जिसमें वह उस ट्रॉफी को लेकर वहां से चले गए थे, जिसके बाद से अब एशिया कप की ट्रॉफी एसीसी ऑफिस में रखी हुई है। नकवी ने बाद में कहा था कि भारत एसीसी कार्यालय में आकर उनसे ट्रॉफी ले सकता है। इस गतिरोध को समाप्त करने को लेकर प्रयास भी किया गया जिसमें बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने आईसीसी की बैठक के दौरान नकवी से मुलाकात की थी। सैकिया ने कहा था कि दोनों पक्षों के बीच गतिरोध समाप्त हो गया है लेकिन उस समय भी ट्रॉफी का मुद्दा नहीं सुलझ पाया था।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी फिर मैदान पर उतरेंगे, सुबह कितने बजे शुरू होगा मुकाबला

अंग्रेजों के खिलाफ पाकिस्तान की दुर्दशा, पूरी टीम मिलकर नहीं बना सकी 200 रन, केवल एक अर्धशतकीय पारी

Latest Cricket News

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।