
पुलिस हिरासत में आयशा खान
Ayesha Khan Detained Video: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के ‘शरारत’ गाने में नज़र आईं एक्ट्रेस आयशा खान को मुंबई पुलिस ने हिरासत (डिटेन) में लिया है. आयशा खान ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर ये बात बताई है. एक वीडियो आयशा ने पुलिस स्टेशन में हिरासत के दौरान ही बनाई है, जिसमें उन्होंने पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बताया है. वहीं एक अन्य वीडियो में उन्हें पुलिस जबरदस्ती हिरासत में लेती नज़र आ रही है और खींचकर वैन में बिठाती दिखाई दे रही है. आयशा अपने दोस्तों और भाई के साथ मुंबई के दादर गई थीं, जहां पर नीट पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में एक विरोध प्रदर्शन बुलाया गया था.
आयशा खान ने खुद को हिरासत में लिए जाने का वीडियो भी शेयर किया है. साथ में उन्होंने जो कैप्शन लिखा है उसमें सवाल किया है, “सड़क पर खड़े रहना कब से अपराध हो गया.” वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस उन्हें जबरस्ती वैन में बिठाने की कोशिश कर रही है और आयशा बार बार कह रही हैं कि उन्हें क्यों अंदर बिठाया जा रहा है. उनकी कुछ दोस्त भी हिरासत में लेने का विरोध कर रही हैं. सवाल पूछने पर एक सादी वर्दी में शख्स कहता है कि यहां पर 144 (धारा) लागू है, आप यहां नहीं आ सकते हैं. वीडियो में आयशा को कहते सुना जा सकता है, “आप मुझे अंदर नहीं कर सकते हैं सर.” आगे वो गुस्से में कहती हैं, “वेरी गुड बोल रहे हो, आपको शर्म आनी चाहिए सर.”
आयशा खान ने बताई आपबीती
पुलिस स्टेशन से जारी अपने वीडियो में आयशा खान कहती हैं, “मैं अभी वर्ली पुलिस स्टेशन में हूं. हम नीट स्टूडेंट्स के सपोर्ट में एक प्रोटेस्ट का हिस्सा बनना चाहते थे, जो दादर में शाम को 4 बजे होने वाला था. और हम जैसे ही पहुंचे, सिर्फ रोड पर खड़े हुए, हमने कुछ शुरू भी नहीं किया, कुछ बोला भी नहीं, कोई नारा नहीं लगाया, कुछ भी नहीं. मैं बस वहां पर पहुंची ही थी. एक सर आए और उन्होंने कहा कि आप प्रोटेस्ट नहीं कर सकते हैं. हमने कहा ठीक है सर आप बता दीजिए, दूसरा और क्या रास्ता है. हम बात आगे बढ़ाते, उससे पहले ही उन्होंने मेरे भाई को, मेरे दोस्तों को वैन में डाल दिया. जब उन्होंने मेरे भाई और दोस्तों को वैन में डाला तो मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि कहां जाऊं और क्या करूं. क्योंकि मैं इस इलाके में पहले कभी नहीं आई थी.
पुलिस ने नहीं दिए आयशा के सवालों के जवाब
आयशा आगे कहती हैं, “मैं और मेरी दो दोस्त वहां बस खड़ी थीं. 15-20 पुलिस वाले, जिनमें 10 पुरुष और करीब 5 महिलाएं थीं, वो आएं और हमें वैन में डालने लगे.” आयशा ने कहा कि वो लगातार पूछती रहीं कि हमें क्यों वैन में डाला जा रहा है. हम तो बस रोड पर खड़े थे. उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनके सवालों का कोई जवाब नहीं दिया. उन्होंने बताया कि मुझे चार-पांच महिलाओं (पुलिस) ने खींचकर वैन में डाल दिया.

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.
Read More