Published: Monday, August 17, 2026, 17:36 [IST]
Awarapan 2 Box Office Collection Day 3: बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा थी और सिनेमाघरों में पहुंचते ही इसने उम्मीदों पर खरी उतरना शुरू कर दिया। पहले दिन से ही फिल्म की कमाई की रफ्तार तेज बनी हुई है। वीकेंड में भी दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स देखने को मिला।
'आवारापन 2' का बॉक्स ऑफिस पर चला जादू
खास बात ये है कि बॉक्स ऑफिस क्लैश के बावजूद 'आवारापन 2' ने सनी देओल और प्रीति जिंटा की 'बंटवारा 1947' मूवी को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने रविवार को भी करोड़ों रुपये का कारोबार किया। हालांकि शनिवार की तुलना में इसकी कमाई में थोड़ी गिरावट जरूर आई है।
'आवारापन 2' ने तीसरे दिन कितने करोड़ कमाए?
-साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'आवारापन' को भले ही बाद में कल्ट मूवी का दर्जा मिला लेकिन थिएट्रिकल रिलीज के समय फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। अब करीब 19 साल बाद रिलीज हुई 'आवारापन 2' ने अपने शानदार कलेक्शन से इस कमी को काफी हद तक पूरा कर दिया है।
-इमरान हाशमी ने एक बार फिर शिव पंडित के किरदार में वापसी की है और दर्शक उनके इस अंदाज को पसंद कर रहे हैं। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन से ही शानदार शुरुआत की और दूसरे दिन इसकी कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला।
-सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक 'आवारापन 2' ने पहले दिन 22 करोड़ रुपये का घेरलू कलेक्शन किया था। इसके बाद शनिवार को फिल्म ने 33.75 करोड़ रुपये की कमाई की। अब तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म ने करीब 26.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इस तरह फिल्म का तीन दिनों का कुल घरेलू कलेक्शन करीब 82.25 करोड़ रुपये हो गया है। ऐसे में फिल्म ने सिर्फ तीन दिनों में ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है।
संडे को कमाई में आई थोड़ी गिरावट
आवारापन 2 के लिए रविवार भी शानदार रहा। हालांकि शनिवार के मुकाबले इसके कलेक्शन में कमी दर्ज की गई। दूसरे दिन फिल्म ने 33.75 करोड़ रुपये कमाए थे जबकि तीसरे दिन इसकी कमाई करीब 26.50 करोड़ रुपये रही। इसके बावजूद तीन दिनों में 82 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन फिल्म की मजबूत स्थिति को दिखाता है। अब सभी की नजरें इसके पहले सोमवार के कलेक्शन पर हैं क्योंकि सोमवार की कमाई से फिल्म की आगे की रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकेगा।
2026 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड फिल्म बनी
-'आवारापन 2' ने तीन दिनों में 82 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करके साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड वाली फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने अजय देवगन स्टारर 'धमाल 4' मूवी के 67.21 करोड़ रुपये के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
-इस उपलब्धि के साथ 'आवारापन 2' साल 2026 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इमरान हाशमी के लिए भी ये सफलता काफी खास मानी जा रही है क्योंकि फिल्म के जरिए उन्होंने अपने चर्चित किरदार शिव पंडित को दोबारा पर्दे पर उतारा है।
100 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंची फिल्म
-सिर्फ ओपनिंग वीकेंड ही नहीं, 'आवारापन 2' ने साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में भी अपनी जगह मजबूत कर ली है। फिल्म ने कई फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने 'मैं वापस आऊंगा' के 65.15 करोड़ रुपये, 'है जवानी तो इश्क होना है' के 61.78 करोड़ रुपये और 'पति पत्नी और वो दो' के 59.29 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर लिया है। अब फिल्म की नजर 100 करोड़ रुपये के आंकड़े पर है। जिस रफ्तार से 'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस पर आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म जल्द ही इस क्लब में एंट्री कर सकती है।
फिल्म की दमदार स्टारकास्ट
-फिल्म 'आवारापन 2' में इमरान हाशमी ने एक बार फिर शिव पंडित की भूमिका निभाई है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। ये साल 2007 में रिलीज हुई मोहित सूरी की 'आवारापन' मूवी का सीक्वल है।
-फिल्म में इमरान हाशमी के अलावा दिशा पाटनी, शबाना आजमी और पूरन गब्बी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रोमांस, एक्शन और इमोशन से भरपूर ये फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।