Aug 22, 2026 01:10 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
AUS vs BAN 2nd Test, Day 1 Highlights: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच 2 टेस्ट मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला मकाय में खेला जा रहा है। पहले दिन मिचेल स्टार्क के बाद शोरीफुल इस्लाम ने पंजा खोला है।

AUS vs BAN Live Score
AUS vs BAN 2nd Test, Day 1 Highlights: ऑस्ट्रेलिया वर्सेस बांग्लादेश दो टेस्ट मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला मकाय के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेला जा रहा है। पहले दिन के अंत तक ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश पर 101 रनों की बढ़त बना ली है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी मेहमान टीम मात्र 64 रनों पर ही सिमट गई। इस दौरान मिचेल स्टार्क ने पंजा खोलते हुए सबसे अधिक 6 विकेट चटकाए। उम्मीद थी कि ऑस्ट्रेलिया आज के दिन बड़ा स्कोर खड़ा करेगी, मगर शोरीफुल इस्लाम की कमाल की गेंदबाजी ने बांग्लादेश की मैच में वापसी करवाई। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 165 के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए हैं। शोरीफुल इस्लाम ने इस दौरान 6 विकेट चटकाए। कैमरन ग्रीन फिफ्टी बनाकर अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं।
बांग्लादेश की पारी की बात करें तो, पहले 10 ओवर में ही उनका बंटाधार हो गया। मिचेल स्टार्क की आग उगलती गेंदबाजी का उनके पास कोई जवाब नहीं था। स्टार्क ने मैच की पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम को अपना शिकार बनाया। देखते ही देखते बांग्लादेश की आधी टीम 12 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई। पहले 5 विकेट इस दौरान स्टार्क ने लिए। ऑस्ट्रेलिया को अगली दो सफलताएं कप्तान पैट कमिंस ने दिलाई। वहीं जोश हेजलवुड ने भी खाता खोला। बांग्लादेश पहली पारी में मात्र 64 रनों पर ढेर हो गया।
Australia vs Bangladesh Scorecard in Hindi
BAN- 64
AUS- 165/8
मिचेल स्टार्क ने पहले ओवर में शादमान इस्लाम को आउट करने के बाद अपने दूसरे ओवर में बैक टू बैक दो गेंदों पर दो विकेट चटकाए। ओवर की पहली गेंद गेंद पर उन्होंने पिछले मैच के शतकवीर तंजीद हसन को 0 पर आउट किया, इसके बाद उन्होंने कप्तान नजीमउल हुसैन शांतो को गोल्डन डक पर अपना शिकार बनाया। स्टार्क को चौथी सफलता पारी के 5वें ओवर में मोमिनुल हक के रूप में मिली, जो 9 रन बनाकर आउट हुए। वहीं 7वें ओवर में उन्होंने लिटन दास को आउट किया, जो भी 0 पर आउट हुए। बांग्लादेश के 5 में से 4 बल्लेबाज बिना खाता ही पवेलियन लौट चुके हैं। बांग्लादेश को 6ठा झटका पैट कमिंस ने मुशफिकुर रहीम को आउट करके दिया, जो 42 गेंदों पर 5 रन बना पाए। पैट कमिंस ने इसके बाद मेहदी हसन मिराज को 11 के निजी स्कोर पर अपना दूसरा शिकार बनाया। जोश हेजलवुड ने भी अपना खाता खोला, उन्होंने हसन महमूद को आउट किया। वहीं कमिंस को तीसरी सफलता तस्कीन अहमद के रूप में मिली। स्टार्क ने शोरीफुल इस्लाम के रूप में 6ठा विकेट लिया और बांग्लादेश की पारी का अंत किया।
बता दें, दो टेस्ट मैच की जारी इस सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन में खेला गया था। बांग्लादेश ने उस मैच में बड़ा उलटफेर करते हुए वर्ल्ड नंबर-1 ऑस्ट्रेलियाई टीम को 9 विकेट से हराया था। बांग्लादेश की यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में पहली जीत थी। उनकी इस जीत ने वर्ल्ड क्रिकेट का ध्यान अपनी ओर खींचा था। बांग्लादेश के लिए तंजीद हसन ने बल्ले से शानदार परफॉर्मेंस देते हुए शतक जड़ा था। वहीं गेंदबाजी में महफिल हसन महमूद ने 9 विकेट लेकर लूटी थी। बांग्लादेश की नजरें सीरीज को 2-0 से अपने नाम करने पर थी, मगर दूसरे टेस्ट में उनकी बेहद ही खराब शुरुआत रही है।
लेखक के बारे में
Lokesh Khera
लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंSee Less
