
51 साल में सिर्फ तीसरी बार दिखा ऐसा रोमांच. (फोटो- GETTY)
AUS vs BAN 2nd Test, DAY-1: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जा रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच के पहले ही दिन गेंदबाजों का ऐसा रौद्र रूप देखने को मिला, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. पहली पारी में जहां मिचेल स्टार्क की अगुवाई में ऑस्ट्रेलियाई पेस अटैक ने बांग्लादेश को सिर्फ 64 रनों पर ढेर कर दिया, वहीं दूसरी पारी में बांग्लादेशी गेंदबाजों ने करिश्माई पलटवार करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया के भी 8 विकेट झटक लिए.
51 साल में सिर्फ तीसरी बार दिखा ऐसा रोमांच
मैके टेस्ट के पहले दिन कुल 74 ओवरों का खेल हुआ, जिसमें दोनों टीमों ने मिलकर 229 रन बनाए और 18 विकेट गिरे. ऑस्ट्रेलियाई धरती पर पिछले 51 सालों में किसी टेस्ट मैच के पहले दिन इतने विकेट गिरने का यह सिर्फ तीसरा वाकया है. इससे पहले सिर्फ 2 बार ही ऐसा हुआ है जब एक दिन में 18 या उससे ज्यादा विकेट गिए हैं.
पहली पारी में स्टार्क ने बरपाया कहर
मुकाबले की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का दबदबा रहा. मिचेल स्टार्क ने घातक स्विंग का मुजाहिरा करते हुए 6 विकेट चटकाए. वहीं, कप्तान पैट कमिंस ने 3 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट हासिल कर बांग्लादेश की पहली पारी को 64 रन पर समेट दिया. लेकिन जब ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी आई, तो बांग्लादेशी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शरीफुल इस्लाम ने कंगारू बल्लेबाजों पर कहर बरपा दिया.
शरीफुल इस्लाम ने झटके 6 विकेट
शरीफुल ने 11 ओवर में 35 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए. इस दौरान उन्होंने ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क को पवेलियन का रास्ता दिखाया. इसके अलावा तस्कीन अहमद और मेहदी हसन मिराज को 1-1 सफलता मिली. जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया ने भी पहले दिन का खेल खत्म होने तक 165 रन बनाकर 8 विकेट गंवा दिए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरून ग्रीन 51 रन बनाकर नाबाद हैं, वहीं नाथन लियोन उनके साथ क्रीज पर डटे हुए हैं. ऐसे में इस मुकाबले का दूसरा दिन काफी रोमांचक रहने वाला है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More