
इंडियन रॉयल्स ने पाकिस्तान पैंथर्स को हराया. (फोटो- Asian Legends League)
Indian Royals vs Pakistan Panthers: जाम्बिया में खेली जा रही एशियन लीजेंड्स लीग 2026 के दूसरे सीजन में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला. पूर्व दिग्गजों से सजी इंडियन रॉयल्स की टीम ने पाकिस्तान पैंथर्स को काफी रोमांचक मैच में 2 विकेट से हरा दिया. इस मैच में स्टार ऑलराउंडर ऋषि धवन भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे. ऋषि धवन ने शानदार गेंदबाजी के साथ-साथ एक मैच विनिंग अर्धशतक भी लगाया.
पाकिस्तान पैंथर्स के बल्लेबाजों ने दिखाया दम
इंडियन रॉयल्स के कप्तान नमन ओझा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान पैंथर्स ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए. कप्तान इमरान नजीर ने पाकिस्तान की ओर से सबसे आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए. वहीं, इबरार हुसैन ने 36 गेंदों में 39 रन और तौफीक उमर ने 23 गेंदों में 39 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं. इंडियन रॉयल्स की ओर से शादाब जकाती और सुबोध भाटी ने 2-2 विकेट चटकाए, वहीं, मनप्रीत गोनी और ऋषि धवन को 1-1 सफलता मिली.
ऋषि धवन ने खेली मैच विनिंग पारी
168 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी इंडियन रॉयल्स की शुरुआत झटकों के साथ हुई. कप्तान नमन ओझा सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, असद पठान भी 9 रन ही बना सके. हालांकि, इसके बाद बल्लेबाजों ने पारी को संभाला और 17.3 ओवर में 8 विकेट खोकर जीत का टारगेट हासिल कर लिया. इस दौरान ऑलराउंडर ऋषि धवन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रनों की मैच विनिंग पारी खेली.
गेंदबाजी के बाद बल्ले से भी धमाल मचाते हुए सुबोध भाटी ने 29 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों के दम पर ताबड़तोड़ 46 रन बनाए. वहीं, अभिषेक जलोटा ने 19 गेंदों में 30 रन का योगदान दिया, इसके बाद अंत में अनरीत सिंह ने 4 गेंदों में नाबाद 12 रन नाकर टीम को जीत तक पहुंचा दिया. बता दें, इस लीग की शुरुआत 30 जुलाई से हुई है और इसका खिताबी मुकाबला 10 अगस्त को खेला जाएगा. भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश टाइगर्स को 19 रन से हराकर की थी और अब पाकिस्तान पर जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी सफलता हासिल की है. दूसरी ओर, पाकिस्तान पैंथर्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More