
पाकिस्तानी टीम के बिना ही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होगा?Image Credit source: Getty Images
भारत में टूर्नामेंट के लिए आने से इनकार करने वाली पाकिस्तानी हॉकी टीम को भारतीय हॉकी फेडरेशन ने करारा जवाब दिया है. पंजाब में अक्टूबर 2026 में होने जा रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत और पाकिस्तान समेत कुल 6 टीमों को जगह मिली है. इसके लिए हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान भी किया था कि पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट के लिए भारत आएगी. मगर पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने अपने मैच दूसरे वेन्यू पर आयोजित करने की मांग की हॉकी इंडिया ने खारिज कर दिया है और साफ कहा है कि टूर्नामेंट के लिए दूसरे देशों की टीम उपलब्ध है.
27 अक्टूबर से पंजाब के मोहाली और जालंधर में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन होना है. इसमें भारत के अलावा चीन, जापान, साउथ कोरिया और मलेशिया हिस्सा लेने वाले हैं. टूर्नामेंट में पाकिस्तानी हॉकी टीम को भी जगह मिली है. मगर अचानक PHF ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट की तर्ज पर इस टूर्नामेंट का आयोजन भारत के बजाए किसी दूसरे देश में करने या अपने लिए न्यूट्रल वेन्यू की मांग कर दी.
पाकिस्तानी फेडरेशन ने एशियन हॉकी फेडरेशन के सामने अपनी मांग रखी और कहा कि उसे भारत के खिलाफ खेलने में आपत्ति नहीं है लेकिन वो भारत में नहीं खेलेंगे और इसलिए उनके मैच किसी दूसरे वेन्यू में आयोजित किए जाएं. मगर पाकिस्तान की इस मांग को हॉकी इंडिया (HI) ने खारिज कर दिया. HI के सचिव भोलानाथ सिंह ने साफ कर दिया कि टूर्नामेंट का आयोजन भारत में ही किया जाएगा और ऐसी कोई मांग नहीं मानी जाएगी और पाकिस्तान को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए भारत ही आना होगा.
इससे पहले 2025 में भी पाकिस्तान हॉकी ने ऐसी ही मांग की थी. तब भारत में आयोजित जूनियर मेंस हॉकी वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान ने टीम भेजने से इनकार कर दिया था और न्यूट्रल वेन्यू की मांग की थी. इस घटना की ओर इशारा करते हुए भोलानाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान पहले भी इस तरह की डिमांड कर चुका है और अगर पाकिस्तानी टीम नहीं आती तो बांग्लादेश और ओमान के रूप में टूर्नामेंट के लिए 2 विकल्प पहले से तैयार हैं.
पाकिस्तान की ये मांग मानी जाएगी, ऐसा होना लगभग असंभव ही नजर आ रहा है. जूनियर वर्ल्ड कप के दौरान भी PHF की मांग खारिज हो गई थी और उसे टूर्नामेंट से बाहर बैठना पड़ा था. तब पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मौका मिला था. ऐसे में एक बार फिर अगर पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश या ओमान को जगह मिलती है तो हैरानी नहीं होगी.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More