राजनांदगांव पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की रजत पदक विजेता और छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ज्ञानेश्वरी यादव का अभिनंदन किया। उनके माता-पिता को भी स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भे
.
"ए फेलिसिटेशन एंड इंटरेक्शन सेशन फॉर गर्ल्स एंड वुमेन" विषय पर आधारित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले की बालिकाओं और महिलाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का जज्बा जगाना था। ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के अटूट विश्वास और समर्थन को दिया।

ज्ञानेश्वरी ने सफर के अनुभव साझा किए
इस दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने बचपन से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक के सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, सकारात्मक सोच, दृढ़ संकल्प और अनुशासित जीवनशैली के बल पर सफलता कैसे हासिल की जा सकती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के अटूट विश्वास और समर्थन को दिया।
छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए ज्ञानेश्वरी ने उस ऐतिहासिक क्षण का जिक्र किया जब प्रतियोगिता के पहले ही दिन मासिक धर्म होने के बावजूद उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि आमतौर पर कोच ऐसे समय में विश्राम की सलाह देते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी मानसिक दृढ़ता और खुद पर विश्वास के बल पर प्रदर्शन किया और देश के लिए रजत पदक जीता।
ज्ञानेश्वरी यादव ने कहा, “जब पदक तालिका में भारतीय तिरंगा ऊपर उठा और राष्ट्रगान की धुन गूँजी, तो वह मेरे जीवन का सबसे भावुक और गौरवान्वित करने वाला क्षण था।”

यह केवल सम्मान नहीं, बल्कि प्रेरणा भी- एसपी
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने ज्ञानेश्वरी यादव को छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल सम्मान करना नहीं, बल्कि प्रेरणा देना भी है। संघर्षों से तपकर निकली एक बेटी की प्रेरणादायी कहानी को समाज की हर महिला और बालिका तक पहुँचाना है ताकि उनमें आत्मविश्वास का संचार हो सके।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, सीएसपी वैशाली जैन, डीएसपी मंजुला बाज सहित ज्ञानेश्वरी यादव के माता-पिता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।