दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति और बॉलीवुड को 'फूल और कांटे' जैसी यादगार फिल्में देने वाले निर्देशक कुकू कोहली का मंगलवार को निधन हो गया है।
-1787675213721_m.webp)
निर्देशक कुकू कोहली का हुआ निधन/ फोटो- Instagram
HighLights
77 साल के निर्देशक कुकू कोहली का हुआ निधन
हिंदी सिनेमा को दी कई यादगार फिल्में
अरुणा ईरानी संग की थी दूसरी शादी
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आ रही है। 'फूल और कांटे' और ये दिल्लगी जैसी कई सुपरहिट फिल्में देने वाले निर्देशक और दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया । निर्देशक के निधन की खबर को अशोक पंडित ने कन्फर्म किया है।
हार्टअटैक से हुआ कुकू कोहली का निधन
मिड डे को दिए गए एक इंटरव्यू में अशोक पंडित ने कुकू कोहली के निधन की जानकारी शेयर की। उन्होंने कहा, "हां ये खबर बिल्कुल सही है। उनका निधन आज शाम को ही हुआ है। उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद निर्देशक को मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह नहीं बच पाए। हालांकि, वह सुबह तक बिल्कुल सही थे, ये बहुत ही शॉकिंग और दुख की बात है।"
अरुणा ईरानी के भाई संजय ने अपने जीजा जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "उनका निधन 5 से साढ़े पांच बजे के आसपास हुआ है। उनका हार्ट फेल हुआ था। कल उनका ऑपरेशन हुआ था। यहां तक कि आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी, लेकिन अचानक से यह हो गया। हम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।" संजय ईरानी ने यह भी बताया कि कुकू कोहली का अंतिम संस्कार बुधवार की सुबह 11:30 बजे ओशिवरा श्मशान भूमि में किया जाएगा।

अजय देवगन को डेब्यू फिल्म से बनाया था स्टार
कुकू कोहली हिंदी सिनेमा के बेहतरीन डायरेक्टर्स में से एक थे, जिनका रियल नाम अवतार कोहली था। कुकू कोहली ने राज कपूर और अन्य फिल्ममेकर्स के साथ काम किया और अपनी फिल्मों से तीन दशक से ज्यादा फैंस को एंटरटेन किया। उन्होंने सेकंड यूनिट डायरेक्टर के रूप में अपना करियर फिल्म 'बेताब' के साथ किया था, जिसमें सनी देओल और अमृता सिंह मुख्य भूमिका में थे।
इसके बाद साल 1991 में बतौर इंडिपेंडेड डायरेक्टर के रूप में फिल्म 'फूल और कांटे' से डेब्यू किया, जिसमें अजय देवगन मुख्य भूमिका में दिखाई दिए। इसके बाद निर्देशक ने कोहराम, सुहाग, हकीकत और यानादी नंबर 1 जैसी कई फिल्में दी।

1990 में अरुणा ईरानी से हुई थी शादी
अरुणा ईरानी और कुकू कोहली की प्रेम कहानी की बात करें तो, दोनों की पहली मुलाकात फिल्म 'कोहराम' के सेट पर हुई थी, जहां शुरुआत में एक्ट्रेस ने फिल्म का रोल निर्देशक की डेट्स के कारण ठुकरा दिया था। हालांकि, एक रफ शुरुआत के बाद भी कुकू कोहली ने अरुणा ईरानी को अपनी फिल्म 'फूल और कांटे' और 'सुहाग' जैसी फिल्मों में अच्छे रोल्स दिए। जल्द ही उनका ये प्रोफेशनल रिश्ता दोस्ती में बदल गया।
दोनों को धीरे-धीरे प्यार हुआ और साल 1990 में कपल ने शादी कर ली। जिस दौरान कुकू कोहली ने अरुणा ईरानी से शादी की थी, एक्ट्रेस की उम्र 40 साल थी। अरुणा ईरानी से पहले निर्देशक की शादी रीटा कोहली से हुई थी।