![]()
पुराने iPhone Upgrade प्रोग्राम की होगी छुट्टी
Apple ने पहली बार ग्राहकों को iPhone खरीदने के बजाय लीज पर लेने का विकल्प दिया है। कंपनी ने अमेरिका में Apple Upgrade नाम का नया प्रोग्राम लॉन्च किया है, जिसके तहत ग्राहक iPhone और अन्य Apple डिवाइस 1 या 2 साल के लिए मासिक किस्त पर इस्तेमाल कर सकेंगे। इस कार्यक्रम के लिए Apple ने Klarna के साथ साझेदारी की है, जो Buy Now, Pay Later (BNPL) सेवाएं उपलब्ध कराती है।
सिर्फ iPhone ही नहीं, ये डिवाइस भी होंगे शामिल
Apple Upgrade फिलहाल केवल अमेरिका में उपलब्ध है और इसे Apple के रिटेल स्टोर और आधिकारिक ऑनलाइन स्टोर के जरिए लिया जा सकेगा। इस प्रोग्राम में iPhone, Apple Watch, Mac और iPad शामिल हैं। हालांकि कंपनी के कुछ एंट्री-लेवल प्रोडक्ट्स, जैसे iPhone 16 और MacBook Neo, इस योजना का हिस्सा नहीं हैं।
ऐसे करेगा काम Apple Upgrade प्रोग्राम
Apple के अनुसार, इस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए ग्राहकों को सबसे पहले Klarna के जरिए सॉफ्ट क्रेडिट चेक पास करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन या स्टोर में कुछ ही मिनटों में पूरी की जा सकती है। मंजूरी मिलने के बाद ग्राहक 1 या 2 साल की लीज चुन सकते हैं और इसके लिए किसी भी तरह की सिक्योरिटी डिपॉजिट की जरूरत नहीं होगी। अगर ग्राहक अपनी मौजूदा Apple डिवाइस को Apple Trade In के तहत एक्सचेंज करते हैं, तो उनकी मासिक लीज किस्त और कम हो सकती है। वहीं Apple Card से भुगतान करने पर 3% कैशबैक भी मिलेगा।
लीज खत्म होने के बाद मिलेंगे तीन विकल्प
लीज अवधि पूरी होने के बाद ग्राहकों के पास तीन विकल्प होंगे। वे डिवाइस वापस करके प्रोग्राम से बाहर निकल सकते हैं, अतिरिक्त भुगतान करके उसी डिवाइस के मालिक बन सकते हैं या फिर नए Apple डिवाइस में अपग्रेड कर सकते हैं। अगर लगातार तीन महीने तक भुगतान नहीं किया जाता है, तो लीज एग्रीमेंट समाप्त कर दिया जाएगा।
कितनी होगी मासिक कीमत?
Apple Upgrade के तहत अलग-अलग डिवाइस के लिए शुरुआती मासिक कीमतें तय की गई हैं।
- iPhone: $17.99 प्रति माह से शुरुआत
- Apple Watch: $11.99 प्रति माह
- Mac: $24.99 प्रति माह
- iPad: $11.99 प्रति माह
वहीं iPhone 17 Pro को 2 साल की लीज पर लेने के लिए $31.99 प्रति माह और 1 साल की लीज के लिए $45.99 प्रति माह चुकाने होंगे।
क्यों लाया Apple यह नया मॉडल?
हाल ही में ग्लोबल मेमोरी चिप संकट के कारण Apple ने Mac और iPad की कीमतों में 15% से 25% तक बढ़ोतरी की है। ऐसे में कंपनी अब ग्राहकों का ध्यान एकमुश्त बड़ी कीमत के बजाय कम मासिक भुगतान की ओर ले जाना चाहती है। इससे महंगे iPhone और अन्य प्रीमियम डिवाइस अधिक लोगों की पहुंच में आ सकेंगे और ग्राहक जल्दी-जल्दी अपने डिवाइस अपग्रेड करने के लिए भी प्रेरित होंगे।
![]()
प्रदीप पाण्डेयauthor
प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।
और पढ़ें
- Hindi News
- Tech-Gadgets
End of Article