अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के लिए अपने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. ABVP ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए इशु मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्य राज सिंह को मैदान में उतारा है.
अध्यक्ष पद के लिए: यश डबास
दिल्ली के कंझावला निवासी यश डबास ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है. वो अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में ITF प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं. उन्होंने CBSE नेशनल्स, SGFI नेशनल्स, खेलो इंडिया और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 में भी भाग लिया है. वह नॉर्थ इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. फिलहाल वह दिल्ली विश्वविद्यालय के बौद्ध अध्ययन विभाग में पढ़ाई कर रहे हैं.
सम्बंधित ख़बरें
उपाध्यक्ष पद के लिए: इशु मौर्य
उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी इशु मौर्य ने सत्यवती कॉलेज से स्नातक किया है. वह 2021 से ABVP से जुड़े हैं. छात्र जीवन के दौरान उनकी रुचि नेतृत्व, वाद-विवाद और जनसंचार में रही है. मौर्य सत्यवती कॉलेज (मॉर्निंग) इकाई के अध्यक्ष और Students for Seva के सह-संयोजक रह चुके हैं. वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं.
सचिव पद के लिए: रिया छावड़ी
रिया छावड़ी दिल्ली के बदरपुर स्थित मोड़बंद गांव की रहने वाली हैं और किसान परिवार से आती हैं. उन्होंने श्री अरविंदो कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है. वह इंटर-कॉलेज स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी भी हैं. उरिया फिलहाल श्री अरविंदो कॉलेज में बीए प्रोग्राम के चौथे वर्ष में पढ़ रही हैं.
संयुक्त सचिव पद के लिए: लक्ष्य राज सिंह
राजस्थान के चूरू जिले के रहने वाले लक्ष्य राज सिंह ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया है. वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी हैं और एशियाई खेलों तथा विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंने नेशनल गेम्स में राजस्थान और नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली विश्वविद्यालय का भी प्रतिनिधित्व किया है. वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ लॉ के कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं. ABVP का यह पैनल छात्र राजनीति के साथ-साथ खेल और नेतृत्व के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को सामने रखता है.
खेल और शिक्षा का संगम बनी ABVP की रणनीति
ABVP का यह 2026-27 पैनल साफ तौर पर दिखाता है कि संगठन ने इस बार केवल पारंपरिक छात्र नेताओं के बजाय राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एथलीटों और कानूनी बारीकियां समझने वाले शोधार्थियों को प्राथमिकता दी है. 18 सितंबर को होने वाले मतदान में यह स्पोर्ट्स-कम-एकैडेमिक कॉम्बिनेशन छात्रों को कितना आकर्षित कर पाता है, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
