Abhishek Sharma Century: अभिषेक शर्मा ने विदेशी सरजमीं पर ठोका सबसे तेज टी20 शतक, 35 गेंदों में तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Published on 27 अक्टू॰ 2026

Abhishek Sharma Century: अभिषेक शर्मा ने विदेशी सरजमीं पर ठोका सबसे तेज टी20 शतक, 35 गेंदों में तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा की सेंचुरी (फोटो-पीटीआई)

शॉर्ट गेंद डाली छक्का, ओवर पिच पर छक्का, गुड लेंग्थ पर छक्का…अभिषेक शर्मा को वेलिंगटन में जो भी गेंद फेंकी गई, उन्होंने उसका कचूमर निकाल दिया. अभिषेक ने तूफानी बैटिंग करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में शतक ठोक दिया. इस खिलाड़ी ने विदेशी सरजमीं पर भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने का कमाल कर दिखाया. इससे पहले अभिषेक ने 30 गेंदों में शतक लगाया हुआ है. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में ये कमाल किया था. लेकिन अब उन्होंने न्यूजीलैंड में सबसे तेज सेंचुरी ठोक दी है.

अभिषेक शर्मा की रिकॉर्डतोड़ बैटिंग

अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी में 11 छक्के, 9 चौके लगाए और उनके बल्ले से 38 गेंदों में 113 रन बनाए. अभिषेक ने इस पारी के साथ ही कई रिकॉर्ड अपने नाम कर दिए. वो 35 या उससे कम गेंदों पर दो टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले एकलौते बल्लेबाज बन गए. यही नहीं अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा टी20 शतक लगाने के मामले में विराट कोहली को पछाड़ दिया. टी20 क्रिकेट में अभिषेक 11 शतक लगा चुके हैं. विराट के नाम 10 शतक हैं. टी20 इंटरनेशनल में भी अभिषेक शर्मा के चार शतक हो गए हैं. वो अब रोहित शर्मा से एक शतक दूर हैं जिन्होंने पांच बार ये कमाल किया है. ग्लेन मैक्सवेल ने भी पांच टी20 इंटरनेशनल शतक लगाए हैं. अभिषेक शर्मा ने बताया कि उनका प्लान बिल्कुल आसान था. वो पिच पर जाकर खुलकर खेलना चाहते थे. प्लान यही था और अच्छी बात ये है कि वो इसमें कामयाब रहे.

अभिषेक के दम पर जीता भारत

अभिषेक शर्मा की इस रिकॉर्डतोड़ पारी के दम पर भारतीय टीम ने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया. भारत ने महज 13.2 ओवर में 199 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. टीम इंडिया ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. अब अगले दो टी20 मैच उसके लिए महज औपचारिकता भर है. हालांकि जिस तरह की फॉर्म में भारतीय टीम नजर आ रही है उसे देखकर लग रहा है कि ये टीम न्यूजीलैंड का क्लीन स्वीप करना चाहेगी.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button