Aashram 4: बॉबी देओल के करियर में मील का पत्थर साबित हुई सुपरहिट ओटीटी सीरीज ‘आश्रम’ के चौथे सीजन का इंतजार हो रहा है. प्रकाश झा ने इसके सीजन 4 का कुछ वक्त पहले ही ऑफिशियल ऐलान कर दिया है. और फिलहाल इसकी शूटिंग जोर-शोर से चल रही है. हाल ही में राजस्थान के जयपुर में ‘आश्रम 4’ की शूटिंग के लिए पूरी तैयारी हो गई थी. जहां बॉबी देओल को देखने के लिए फैन्स की इतनी भारी भीड़ उमड़ पड़ी कि मेकर्स को शूटिंग रोकनी पड़ी. सुरक्षा कारणों और काम में हो रही देरी की वजह से अब मेकर्स ने शूटिंग लोकेशन को बदलकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया है.
हाल ही में मिड डे पर एक रिपोर्ट छपी. जिससे पता लगा कि जयपुर में एक महीने तक शूटिंग कर ली गई है. लेकिन अब बॉबी देओल की सीरीज ‘आश्रम’ की टीम चौथे सीजन के अगले शेड्यूल के लिए आमेर जा रही है. जो कि एक कंट्रोल की गई जगह है, जहां लोगों की भीड़ नहीं पहुंच पाएगी. वहीं, क्रिएटर-डायरेक्टर प्रकाश झा ने जगह बदलने का फैसला लिया है. क्योंकि जयपुर में शूटिंग के दौरान फैन्स की बढ़ती भीड़ से परेशानियां हो रही थीं.
‘आश्रम 4’ को लेकर क्या अपडेट आया है?
इसी रिपोर्ट से पता लगा कि, ”जब भी कास्ट, खासकर बॉबी देओल को जयपुर में शूटिंग करते देखा जाता था, तो फैन्स के बीच अलग ही लेवल का एक्साइटमेंट होता था. कभी-कभी इसकी वजह से शूटिंग में देरी भी हो जाती थी. इसलिए, टीम ने अगले 20 दिनों की शूटिंग आमेर में एक घेरे हुए इलाके में करने का फैसला किया. ताकि वो बिना किसी रुकावट के काम कर सकें.”
अब किसकी हुई सीरीज में एंट्री?
दरअसल अक्षय ओबेरॉय राजस्थान शेड्यूल के साथ चौथे सीजन में शामिल हो गए. उम्मीद है कि उनका किरदार बॉबी देओल के विवादित धर्मगुरु बाबा निराला के लिए एक नई चुनौती पेश करेगा. कहा जा रहा है कि- ”उनकी बॉबी के किरदार के साथ सीधा टक्कर देखने को मिलेगी.”
कब आए 3 सीजन और क्या थी कहानी?
1. आश्रम सीजन 1 (अगस्त 2020): पहले सीजन में दिखाया गया कि कैसे ‘काशीपुर वाले बाबा निराला’ धर्म और समाज सेवा की आड़ में अपना काला साम्राज्य चलाता है. सीरीज में पम्मी पहलवान (अदिति पोहनकर) और उसका परिवार बाबा के पाखंड के जाल में फंस जाता है.
2. आश्रम सीजन 2 (नवंबर 2020): दूसरे सीजन (‘द अनफॉर्गेटेबल’) में बाबा निराला का असली चेहरा और हैवानियत सबके सामने आने लगती है. पम्मी पहलवान को जब अपने साथ हुए धोखे और शोषण का एसास होता है. तो वह आश्रम के चंगुल से भाग निकलती है.
3. आश्रम सीजन 3 (जून 2022): तीसरे सीजन (‘एक बदनाम आश्रम’) में बाबा निराला खुद को भगवान घोषित कर देता है. ईशा गुप्ता (सोनिया) के ग्लैमरस किरदार की एंट्री होती है, जो बाबा के और करीब आती है. हालांकि, पम्मी अब बाबा से बदला लेने के लिए खुलकर सामने आ जाती है.

अंकिता चौहान
अंकिता चौहान TV9 भारतवर्ष डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. यहां एंटरटेनमेंट सेक्शन में काम कर रही हैं. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 5 साल से अधिक का अनुभव है. हरियाणा स्थित हिसार के गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है और उसके बाद इसी कॉलेज से मास्टर्स डिग्री हासिल की है. इसके बाद हिंदी न्यूज चैनल इंडिया न्यूज से इंटर्नशिप की और यहीं से (मध्य प्रदेश/ छत्तीसगढ़) अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भी की है. उसके बाद बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर हरियाणा न्यूज से जुड़ीं. यहां उनका स्पेशल प्रोग्रामिंग करने का अनुभव है. इसके अलावा स्पोर्ट्स टीम के साथ भी काम किया है. फिर TV9 भारतवर्ष से जुड़ीं. यहां बिजनेस टीम के साथ काम किया है, साथ ही वेब स्टोरीज के सेक्शन में सभी कैटेगिरी की जिम्मेदारियां संभाली हैं और अब एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं.
Read More