केजरीवाल ने गोवा में खोला नया मोर्चा, AAP-GFP ने बनाया 'Goa First' गठबंधन

Published on 13 सित॰ 2026

केजरीवाल ने गोवा में खोला नया मोर्चा, AAP-GFP ने बनाया ‘Goa First’ गठबंधन

केजरीवाल और विजय सरदेसाई.

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को AAP और विजय सरदेसाई की गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के बीच चुनाव से पहले हुए गठबंधन की घोषणा की और नए फ्रंट को “गोवा फर्स्ट” नाम दिया. इस गठबंधन को 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव से पहले एक गैर भाजपा, गैर कांग्रेस राजनीतिक गंठबंधन के तौर पर पेश किया जा रहा है.

केजरीवाल ने GFP के अध्यक्ष विजय सरदेसाई, दिल्ली की नेता प्रतिपक्ष और AAP के गोवा प्रभारी आतिशी और दूसरे लोगों की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “गोवा के लोग बदलाव चाहते हैं. गोवा फर्स्ट सरकार बनाएगी. हम अपने दम पर जीतेंगे.” केजरीवाल ने कहा कि दोनों पार्टियां गठबंधन में बराबर की सहयोगी हैं.

गोवा में AAP-GFP का Goa First गठबंधन

उन्होंने कहा, “इस गठबंधन ने दरवाजा बंद नहीं किया है; यह एक जैसी सोच वाली राजनीतिक ताकतों के लिए खुला है. कई लोगों ने हमसे संपर्क किया है, जिनमें दोनों पार्टियों के नेता भी शामिल हैं जो उनकी राजनीति से थक चुके हैं.”

केजरीवाल ने दोनों राष्ट्रीय पार्टियों पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने के बावजूद पर्दे के पीछे मिलीभगत करने का आरोप लगाया और कहा कि गोवा के मतदाताओं को पहले भी दो बार धोखा दिया जा चुका है और उन्हें दोबारा “धोखा” नहीं दिया जाएगा.

Goa First: Bringing Hope to the People of Goa | @ArvindKejriwal Ji LIVE https://t.co/0y8xG5uzIx

— AAP (@AamAadmiParty) September 13, 2026

AAP ने एक्स पर पोस्ट किया,”गोवा फॉरवर्ड पार्टी और आम आदमी पार्टी ‘गोवा फर्स्ट’ बनाने के लिए एक साथ आए हैं, यह एक गठबंधन है जो गोवा के लोगों को एक असली विकल्प देगा. गोवा के लोगों को दो बार धोखा दिया जा चुका है. उन्हें तीसरी बार धोखा नहीं दिया जाएगा. भाजपा और कांग्रेस चुनाव के दौरान लड़ सकते हैं, लेकिन बंद दरवाजों के पीछे, वे एक साथ आते हैं, डील करते हैं और एक-दूसरे को सरकार बनाने में मदद करते हैं. गोवा एक असली विकल्प का हकदार है, जो सच में गोवा को सबसे पहले रखे.”

गोवा चुनाव से पहले केजरीवाल का बड़ा दांव

उन्होंने कहा कि सत्ताधारी बीजेपी आने वाले चुनावों में बहुमत हासिल नहीं कर पाएगी और ‘गोवा फर्स्ट’ अलायंस अगली सरकार बनाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि आप ने अपने सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने के बाद सबक सीखा है और भविष्य में उम्मीदवार चुनने में ज़्यादा सावधानी बरतेगी.

A new beginning in the politics of Goa.

Introducing the GOA FIRST Alliance, a united front dedicated to putting Goa and Goans first. pic.twitter.com/5sbhXttOkP

— AAP (@AamAadmiParty) September 13, 2026

GFP एक क्षेत्रीय संगठन है जिसका नेतृत्व पूर्व उपमुख्यमंत्री सरदेसाई करते हैं, जो 40 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा में पार्टी के अकेले विधायक हैं.

AAP के दो MLA हैं — वेंजी विएगास और क्रूज़ सिल्वा — जो दक्षिण गोवा में क्रमशः बेनौलिम और वेलिम निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं.गोवा विधानसभा के चुनाव मार्च 2027 से पहले होने हैं.

ये भी पढ़ें- मेरे पास 10 ठोस कारण जब केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट के जज से कहा- आप इस सुनवाई से अलग हो जाएं

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button