मुझे तकनीकी जानकारी नहीं थी... AAP नेता सत्येंद्र जैन ने खुद पेश की दलीलें, कोर्ट ने भेजा जेल

Published on 19 अग॰ 2026

दिल्ली जल बोर्ड (DJB) घोटाले के मामले में बुधवार को पूर्व मंत्री और AAP नेता सत्येंद्र जैन समेत छह आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया. सुनवाई के दौरान, सत्येंद्र जैन ने कोर्ट में खुद अपनी बात रखी. वहीं, इस मामले में कोर्ट ने आरोपी अंकित श्रीवास्तव को 2 दिनों की ACB रिमांड और सतेन्द्र जैन समेत अन्य 5 को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है.

इससे पहले सतेन्द्र जैन ने बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) इसलिए बनाए जाते हैं ताकि बिना ट्रीट किया हुआ गंदा पानी यमुना में न जाए और नदी को साफ किया जा सके, जो सरकार का एक अहम चुनावी वादा था.जैन ने कहा कि नए STP बनाने में लगने वाले समय को देखते हुए, मौजूदा प्लांट की क्षमता 50 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला किया गया. टेक्नोलॉजी चुनने के बारे में उन्होंने बताया कि भले ही उनके पास आठ मंत्रालयों का जिम्मा था, लेकिन उनके पास टेक्निकल जानकारी नहीं थी और उन्हें अधिकारियों पर निर्भर रहना पड़ता था.

जैन ने कहा कि शुरू में, ₹1,546 करोड़ की लागत से 300 MGD का लक्ष्य रखा गया था और ₹5 करोड़ प्रति MGD की दर से चार पैकेज में टेंडर जारी किए गए थे. हालांकि, संबंधित फाइल उन तक कभी नहीं पहुंची. AAP नेता ने यह भी आरोप लगाया कि 7 अगस्त को उन्हें बुलाकर ऐसी टेक्निकल बातों पर सवाल पूछे गए जिनकी उन्हें जानकारी नहीं थी, क्योंकि मकसद उन्हें ‘आरोपी नंबर 1’ बनाना था.

जैन ने टेंडर पर उठाए सवाल

सत्येंद्र जैन ने कहा कि 30 मई 2022 को मुझे हटा दिया गया था. मेरे पास कोई फाइल नहीं आई. मेरे प्रोफाइल छोड़ने के 6/7 महीने के बाद दिसंबर में टेंडर हुआ. ऐसे में वो गुनहगार कैसे हो गए. उन्होंने कहा कि 1546 करोड़ का टेंडर सही नहीं लग रहा था. लेकिन 1938 करोड़ का टेंडर सही लगा. मैं तो जेल में था, बिना किसी प्रभार के था.

सत्येंद्र जैन समेत इन 6 लोगों पर शिकंजा

दरअसल, दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने मंगलवार को सत्येंद्र जैन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था. इस मामले में बुधवार को कोर्ट की कार्यवाही चल रही है. कोर्ट में जैन ने खुद दलीलें रखीं हैं. इस मामले में जैन के अलावा, गिरफ्तार किए गए लोगों में अंकित श्रीवास्तव (DJB में पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट), नागेंद्र यादव (AN एंटरप्राइजेज के मालिक), राजा कुमार कुर्रा (यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक) और पंकज वर्मा (सृजनहार के मालिक) शामिल हैं.

कोर्ट ने सत्येन्द्र जैन समेत 5 को जेल भेजा

वहीं, राउज एवेन्यू के स्पेशल जज दिग्विनय सिंह की कोर्ट ने दिल्ली जल बोर्ड में STP बनाने में हुए कथित घोटाले में गिरफ्तार आरोपी अंकित श्रीवास्तव को 2 दिनों की ACB रिमांड और सतेन्द्र जैन समेत अन्य 5 को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है. कोर्ट ने जेल भेजे गए आरोपियों की जमानत याचिका पर नोटिस जारी किया. कोर्ट जमानत याचिका पर 25 अगस्त को सुनवाई करेगा.

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button