ग्वालियर में साइबर ठगों ने लोगों के बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड में सेंधमारी की है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात शहर के अलग-अलग थानों में साइबर फ्रॉड के 9 मामले दर्ज हुए हैं।
.
इनमें बहोड़ापुर का मामला प्रमुख है। यहां एक प्रॉपर्टी कारोबारी को HDFC सिक्योरिटी में निवेश के नाम पर 31 लाख रुपए की ठगी का शिकार बनाया गया। शुरुआत में निवेश पर रिटर्न मिलने से कारोबारी को ठगों पर भरोसा हो गया। बाद में रकम निकालने की कोशिश की तो पता चला कि वह ठगी का शिकार हो चुका है।
इसके अलावा होटल बुकिंग के नाम पर 16 हजार रुपए ठगने और मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड से 3.16 लाख रुपए निकालने के मामले भी सामने आए हैं। साइबर हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर संबंधित थानों की पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर हेल्पलाइन से मिली शिकायत को संबंधित थाना ने जांच शुरू कर दी है।
HDFC सिक्योरिटी में निवेश के नाम पर 31 लाख की ठगी
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के विनय नगर सेक्टर-4 निवासी 44 वर्षीय अभिषेक पुत्र शिव कुमार श्रीवास्तव के पास अनजान नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को HDFC सिक्योरिटी का प्रतिनिधि बताया। उसने कंपनी के शेयरों के बारे में जानकारी दी और निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अभिषेक को कुछ वेबसाइट के जरिए निवेश कराया जाने लगा।
शुरुआत में अभिषेक ने एक्सिस बैंक से 1 लाख रुपए निवेश किए, जिस पर उन्हें अच्छा रिटर्न मिला। इससे उनका भरोसा बढ़ गया और वह ठगों के जाल में फंस गए। उन्होंने पिछले तीन महीनों में 30.82 लाख रुपए निवेश कर दिए।
28 सितंबर को अभिषेक को शक हुआ। उन्होंने अपनी निवेश की रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की, लेकिन रकम विथड्रॉ नहीं हुई। कंपनी के अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो नंबर ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला और उन्होंने मामले की शिकायत की।
होटल बुकिंग का फर्जी नंबर देकर 16 हजार ठगे
बहोड़ापुर के साक्षी हाइट्स निवासी कौस्तुभ शर्मा ऑनलाइन होटल बुकिंग के लिए नंबर तलाश रहे थे। उन्होंने इंटरनेट पर होटल का नाम सर्च किया और वहां मिले रिसेप्शन नंबर पर संपर्क किया। कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को होटल मैनेजर बताया और बुकिंग के नाम पर 16 हजार रुपए ले लिए।
होटल पहुंचने पर कौस्तुभ को पता चला कि उनके नाम से कोई बुकिंग नहीं हुई है। इसके बाद उन्हें होटल में कमरा लेने के लिए दोबारा रुपए देने पड़े। घटना 20 सितंबर की है। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की थी, जिसके आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया।

ग्वालियर में साइबर ठगों ने लोगों के बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड में सेंधमारी की है।
मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड से 3.16 लाख निकाले
थाटीपुर के मयूर नगर हाउस नंबर-111 निवासी 52 वर्षीय संदीप मिठास पुत्र सुशील कुमार ने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे वह मोबाइल पर इंटरनेट चला रहे थे। इसी दौरान मोबाइल अचानक हैंग हो गया और एक ही स्क्रीन पर अटक गया। काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं हुई और मोबाइल अपने आप बंद हो गया।
कुछ देर बाद मोबाइल दोबारा ऑन करने पर सब सामान्य था। शाम करीब 4 बजे उनके पास मैसेज आया कि क्रेडिट कार्ड से 3.16 लाख रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ है। मैसेज देखते ही उन्होंने बैंक पहुंचकर कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
शहर में इन लोगों से भी हुई साइबर ठगी
हजीरा: मां वैष्णोपुरम कॉलोनी निवासी कृष्णा राठौर के बैंक ऑफ इंडिया खाते से 95 हजार रुपए निकाले गए।
पुरानी छावनी: जिगसोली निवासी फिरोज खान का बैंक खाता ऑनलाइन हैक कर 98 हजार रुपए दूसरे खातों में ट्रांसफर किए गए।
कोतवाली: कांटे साहब का बाड़ा निवासी विनायक जोशी के खाते से 32 हजार रुपए निकाले गए।
जनकगंज: नारायण कॉलोनी, जीवाजीगंज निवासी राहुल श्रीवास्तव के क्रेडिट कार्ड से करीब 70 हजार रुपए की धोखाधड़ी हुई।
गिरवाई: सिकंदर कंपू निवासी सुरेश शिवहरे से 99 हजार रुपए और सरदार की मल्टी निवासी किशोर लालवानी से 51 हजार रुपए ठगे गए।
मुरार: त्यागी नगर निवासी नरेश शर्मा के खाते से 26 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए।
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि साइबर हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों को संबंधित थानों में दर्ज कर जांच की जाती है। थाना स्तर पर टीआई मामले की पड़ताल करते हैं। बैंक खातों की डिटेल निकाली जाती है और साइबर एक्सपर्ट की मदद से ट्रांजेक्शन व अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जाती है।