Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पिपराइच थाना क्षेत्र में बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने की रंजिश में चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 9 वर्षीय मासूम की लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. हमले में एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं. वहीं, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को लाइन हाजिर कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, पिपराइच क्षेत्र के माधोपुर निवासी राजू सिंह ने करीब एक माह पहले अपनी बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था. इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी. शनिवार रात करीब नौ बजे आरोपित पक्ष के लोग बेला चौराहे पर पहले से घात लगाए बैठे थे.
लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या
बताया गया कि राजू सिंह का 15 वर्षीय बेटा शिवकुमार और उनके साढ़ू का 9 वर्षीय बेटा सरस सिंह दुकान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान आरोपियों ने दोनों को घेर लिया और लाठी, डंडे तथा लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जब तक आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचते, तब तक दोनों गंभीर रूप से घायल हो चुके थे.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस समय पर कार्रवाई करने के बजाय समझौते की कोशिश में लगी रही, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई. दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. इलाज के दौरान रविवार तड़के करीब दो बजे 9 वर्षीय सरस सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि शिवकुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि सरस सिंह की मां का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपने मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था. उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.
नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज
सीओ चौरी चौरा कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की गई है.

प्रदीप कुमार तिवारी
प्रदीप कुमार तिवारी ने 2014 से पत्रकारिता की शुरुआत की. उन्होंने p7 न्यूज चैनल से करियर की शुरुवात की. प्रदीप कुमार तिवारी TV9 भारतवर्ष चैनल में आने से पहले Zee news में भी काम कर चुके हैं. प्रदीप को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है. कई वर्षों से डिजिटल में रहने की वजह से डिजिटल कंटेंट पर पकड़ अच्छी है. प्रदीप तिवारी पत्रकारिता के साथ-साथ एनीमेशन फील्ड में भी अच्छी पकड़ रखते हैं. उन्हें ग्राफिक डिजाइनिंग के साथ साथ 2D और 3D एनीमेशन की जानकारी अच्छी है. प्रदीप ने लगभग 2 वर्ष तक प्रभात खबर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम किया है.
Read More