.
शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल कैरों मार्केट में बन रही मल्टीस्टोरी ऑटोमैटिक पार्किंग तय समय से 19 महीने बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। अप्रैल 2023 में शुरू हुए इस 5 मंजिला प्रोजेक्ट को 21 महीने में पूरा कर जनता को समर्पित किया जाना था, लेकिन अगस्त 2026 तक निर्माण अधूरा है। शुक्रवार को विधायक डॉ. अजय गुप्ता द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद दैनिक भास्कर की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। करीब 80% काम पूरा हो चुका है, जबकि 20% काम अभी बाकी है।
पार्किंग बनने से पहले यहां पार्क था। बाद में वाहनों की पार्किंग शुरू हुई और व्यापारियों की मांग पर सार्वजनिक शौचालय भी बनाए गए थे। प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद शौचालय हटा दिए गए, लेकिन तीन साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी दोबारा नहीं बनाए गए। वहीं पार्किंग तैयार नहीं होने के कारण वाहन चालक गलियों और सड़कों के किनारे गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं।
मल्टीस्टोरी पार्किंग प्रोजेक्ट में मुख्य देरी 14 बिजली ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट करने के कारण हुई। फिलहाल लगातार बारिश और कीचड़ के कारण काम प्रभावित है। मौसम साफ होते ही निर्माण की रफ्तार बढ़ाई जाएगी। हमारा लक्ष्य अक्टूबर 2026 तक पार्किंग का काम पूरा कर इसे जनता को समर्पित करना है।
पार्किंग के पीछे सार्वजनिक शौचालय भी बनाए जाएंगे। -संदीप सिंह, एसई (सिविल), नगर निगम ^पूरे बाजार में सार्वजनिक शौचालय नहीं है। कई बार नगर निगम को शिकायतें दीं लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अभी सबसे ज्यादा परेशानी दुकानदारों और ग्राहकों को हो रही है। - संजीव कुमार, दुकानदार।
मैं 1959 से कैरों मार्केट में दुकान चला रहा हूं। यहां व्यापारियों की मांग पर शौचालय बनाए गए। पार्किंग प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद शौचालय हटा दिए गए, लेकिन आज तक दोबारा नहीं बने। -हरिंदर सिंह बेदी, दुकानदार। अमृतसर| विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने विधानसभा में कैरों मार्केट पार्किंग के साथ क्षेत्र की सीवरेज समस्या का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि कैरों मार्केट पार्किंग शहर के ट्रैफिक सुधार प्रोजेक्टों में शामिल है। यहां 325 कारों और 70 दोपहिया वाहनों की क्षमता वाली 5 मंजिला पार्किंग बनाई जा रही है। इसमें एक बेसमेंट और चार फ्लोर हैं। इसके शुरू होने से हॉल बाजार, कटरा बगियां, रामबाग, कटरा जयमल सिंह और आसपास के बाजारों में पार्किंग व ट्रैफिक की समस्या काफी कम हो सकती है।
उन्होंने कहा कि अप्रैल 2023 में शुरू हुआ प्रोजेक्ट 21 महीने में पूरा होना था, लेकिन अगस्त 2026 तक भी अधूरा है। सरकार को देरी की जवाबदेही तय कर काम जल्द पूरा करवाना चाहिए। ^पार्किंग स्टैंड तैयार न होने से लोग आसपास की गलियों में वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे सड़कें संकरी हो गई हैं। निर्माण स्थल के पास हाई वोल्टेज बिजली की तारें भी हैं। कई बार शिकायत कर चुके हैं। - प्रिंस मदान, व्यापारी।
