Updated On: Aug 01, 2026 | 10:13 AM IST
विज्ञापन
सार
Kerala Landslide: केरल में भारी बारिश से तबाही! इडुक्की में भीषण भूस्खलन से महिला की मौत। मौसम विभाग ने 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया। जानें राज्य में बाढ़ और राहत-बचाव कार्य का ताजा अपडेट।

सांकेतिक फोटो (सोर्स-सोशल मीडिया)
विस्तार
Women Dies Due To Landslide In Idukki Kerala: केरल में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। भारी बारिश के चलते मध्य केरल के कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन की भयावह घटनाएं सामने आ रही हैं जिससे अब तक जान-माल का काफी नुकसान हो चुका है। प्रशासन ने बिगड़ते हालात को देखते हुए कई इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है।
मलबे में दबने से एक महिला की मौत
इस प्राकृतिक आपदा का सबसे दर्दनाक मंजर इडुक्की जिले में देखने को मिला। शनिवार तड़के अडूरमाला क्षेत्र में हुए एक भीषण भूस्खलन ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। पहाड़ से गिरे मलबे की चपेट में आने से सुमति नामक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मलबे ने उनके घर को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया था। स्थानीय लोगों और बचाव दल की मुस्तैदी से सुमति के पति रवि और उनके बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया हालांकि वे गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें थोडुपुझा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़कों पर सैलाब
बारिश का कहर केवल भूस्खलन तक सीमित नहीं है। इडुक्की और आसपास के क्षेत्रों में नदियाँ उफान पर हैं। पुल्लाकयार नदी का जलस्तर बढ़ने से कोक्कायार का निचला पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। यातायात की बात करें तो कट्टप्पना-वाझवारा मार्ग मलबे के कारण बंद कर दिया गया है, जबकि NH -183 पर भी पानी भर जाने से वाहनों के पहिए थम गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छोटे बांधों के गेट खोलने का निर्णय लिया है।
सम्बंधित ख़बरें
कोट्टायम में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज
पड़ोसी जिले कोट्टायम में भी हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। इरट्टुपेट्टा, कंजीरापल्ली और कूट्टिकल जैसे रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। कई घरों की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को बचावकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, पूंजार के पय्यानिथोट्टम में भी भूस्खलन की खबर है, जहां मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। NDRF, अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी
भारत मौसम विभाग (IMD) ने केरल के लिए आने वाले घंटे और भी चुनौतीपूर्ण बताए हैं। मौसम विभाग ने पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड सहित 8 जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इसका अर्थ है कि इन क्षेत्रों में अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, एर्नाकुलम और त्रिशूर जैसे जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ बरकरार है। सुरक्षा के मद्देनजर कई जिलों में स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
यह भी पढ़ें Weather Alert: दिल्ली, UP और बिहार समेत कई राज्यों में अगले कुछ घंटे भारी, IMD ने जारी किया अलर्ट
सावधानी ही बचाव है
प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। नदियों के किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है। केरल के साथ-साथ गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट है, जो इस मानसून सीजन की गंभीरता को दर्शाता है।
