जयपुर की होटल में जुआ खेलते 8 गिरफ्तार: सिंधी कैंप स्थित जिनेन्द्र पैलेस में मैनेजर को भी पकड़ा, 69,780 रुपए और ताश के पत्ते बरामद - Jaipur News

Published on 26 अक्टू॰ 2026

सिंधी कैंप थाना पुलिस ने होटल में जुआ खेलने और खिलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए सात जुआरियों सहित होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल जिनेन्द्र पैलेस के कमरा नंबर 207 में दबिश देकर आरोपियों को जुआ खेलते पकड़ा। मौके से 69 हजार 780 रुपए

.

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 25 अक्टूबर को सूचना मिली कि कांती नगर, बनीपार्क स्थित होटल जिनेन्द्र पैलेस में मैनेजर की मिलीभगत से जुआ खिलाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम ने होटल के कमरा नंबर 207 में दबिश दी। यहां सात व्यक्ति जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से जुआ राशि और अन्य सामग्री जब्त कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी ने कहा कि इस तरह के अपराधियों की गिरफ्तारी और होटलों में संचालित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम गठित की थी।

मैनेजर पर जुआ खिलाने के लिए सुविधाएं देने का आरोप

सिंधी कैंप थाना प्रभारी वंदना नुरेला ने बताया- होटल मैनेजर रोहित वर्मा जुआरियों को कमरा और जुआ खेलने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा था। आरोप है कि उसने मिलीभगत कर एक ही कमरे में सात लोगों को जुआ खेलने की अनुमति दी। पुलिस ने जुआ खेलने वाले सात आरोपियों के साथ मैनेजर को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इन आरोपियो को गिरफ्तार किया

  • अक्षय प्रताप सिंह उर्फ लक्की (22), निवासी जोधपुर।
  • शिवराज (55), निवासी मानसरोवर, जयपुर।
  • अमित गोयल (43), निवासी त्रिपोलिया बाजार, जोधपुर।
  • श्यामसुंदर (25), निवासी श्याम नगर, जयपुर।
  • विष्णु शर्मा (38), निवासी नाहरगढ़, जयपुर।
  • किशन कुमार गुप्ता (39), निवासी करधनी, जयपुर।
  • सत्यम भाटी (36), निवासी मंडोर, जोधपुर।
  • रोहित वर्मा (44), होटल मैनेजर, निवासी सांगानेर सदर, जयपुर; वर्तमान में कांती नगर में किराएदार।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, सिंधी कैंप क्षेत्र के होटलों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इससे पहले भी इसी होटल में जुआ खेलने की कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने होटल संचालकों और मालिकों के साथ बैठक कर अवैध गतिविधियां नहीं चलाने के लिए पाबंद किया था। इसके बावजूद जुआ संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने दोबारा कार्रवाई की।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र के होटलों पर निगरानी जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।