मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले- युवा रोजगार देने वाले बनें: डेढ़ साल में 8.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, अब 5000 स्टार्टअप पर फोकस - Raipur News

Published on 25 सित॰ 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले- युवा रोजगार देने वाले बनें:डेढ़ साल में 8.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, अब 5000 स्टार्टअप पर फोकस

रायपुर37 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ में निवेश के बड़े प्रस्तावों के बाद अब सरकार का फोकस युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने के साथ उन्हें उद्यमिता की ओर बढ़ाने पर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में युवाओं से रोजगार को लेकर सोच बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाले न रहें, बल्कि अपने नवाचार, प्रतिभा और उद्यमशीलता के जरिए दूसरों को रोजगार देने वाले भी बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सक्रिय भागीदारी निभाएं। स्थानीय युवाओं के लिए नीति में प्रावधान : मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति में निवेश के साथ रोजगार सृजन को विशेष महत्व दिया गया है। प्रदेश में आने वाले निवेश का लाभ स्थानीय युवाओं तक पहुंचे, इसके लिए नीति में विशेष प्रावधान किए गए हैं। एक हजार स्थानीय लोगों को रोजगार देने वाले उद्यमों के लिए विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है। 5 हजार स्टार्टअप तक पहुंचने का लक्ष्य स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 लागू की है। इसके तहत 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के जरिए युवाओं को उद्यमिता, कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने की तैयारी है। सरकार का जोर युवाओं के आइडिया को कारोबार और रोजगार के अवसर में बदलने पर है। 6 लाख विद्यार्थियों को एआई की ट्रेनिंग मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की तकनीकों के अनुरूप युवाओं को तैयार करना भी जरूरी है। मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके तहत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इससे विद्यार्थियों को भविष्य के रोजगार और उद्यमिता के अवसरों के लिए तैयार करने पर जोर रहेगा।

युवा ऊर्जा को दिशा देने का सशक्त मंच : टंकराम वर्मा उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि किसी राज्य की वास्तविक शक्ति केवल उसकी भौतिक संपदा में नहीं, बल्कि उसके युवाओं की चेतना, ऊर्जा और समाज के प्रति संवेदनशीलता में निहित होती है। राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाने का अवसर प्रदान करती है।

.