72nd National Film Awards: गुजरात में क्यों हो रहा नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स, अगले साल राज्य का कैसे होगा चुनाव? अश्विनी वैष्णव ने दिया जवाब

Published on 22 सित॰ 2026

72nd National Film Awards: गुजरात में क्यों हो रहा नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स, अगले साल राज्य का कैसे होगा चुनाव? अश्विनी वैष्णव ने दिया जवाब

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णवImage Credit source: पीटीआई

72nd National Film Awards: नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन पहली बार देश की राजधानी दिल्ली से बाहर हो रहा है. केंद्र सरकार ने इस अवॉर्ड सेरेमनी को हर साल देश के अलग-अलग राज्यों में कराने का फैसला किया है. इस योजना के तहत इस बार अवॉर्ड समारोह गुजरात के एकता नगर में हो रहा है. 22 सितंबर यानी आज तमाम विजेताओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों पुरस्कार दिए जाएंगे. कार्यक्रम से पहले केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स को देश के सबसे अच्छे टूरिस्ट डेस्टिनेशन तक लेकर जा रहे हैं.

अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “एकता नगर पूरी दुनिया में आज मशहूर है, सरदार पटेल साहब की सबसे बड़ी प्रतिमा और एक बहुत ही मनोरम स्थान. इतने मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर जब राष्ट्रपति महोदया खुद और देशभर से हमारे फिल्म जगत के बड़े कलाकार पहुंचेंगे तो लोगों को इस टूरिस्ट डेस्टिनेशन के बारे में और भी जानने का मौका मिलेगा.”

उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स को एक कॉन्फ्रेंस रूम से बाहर निकालकर जनता के बीच पहुंचाया जाए और टूरिज्म के जरिए इसको आगे बढ़ाएं.

नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स सेरेमनी के लिए कैसे होगा राज्य का चुनाव?

सरकार की योजना के मुताबिक हर साल एक नए राज्य को इस अवॉर्ड सेरेमनी के लिए चुना जाएगा. इसके लिए राज्य का चुनाव कैसे होगा? इस बारे में अश्विनी वैष्णव ने बताया, “मैं सभी राज्यों से निवेदन करता हूं कि वे अपने राज्य के सबसे अच्छे टूरिज्म डेस्टिनेशन का प्रपोजल दें और उसमें बेस्ट फैसिलिटीज (सबसे अच्छी सुविधाएं) और 360-डिग्री डेवलपमेंट का प्लान बनाकर उसे लागू करें. जिस राज्य का प्रपोजल सेलेक्ट होगा, अगला नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स उसी टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर होगा.”

फिल्म और टूरिज्म को जोड़ने की कोशिश

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने जब G20 का आयोजन किया, तो उसे देश के कोने-कोने में ले गए, हर राज्य में ले गए. आज नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स को भी लेकर जा रहे हैं. ये एक बहुत बड़ा थॉट प्रोसेस है कि फिल्म और टूरिज्म को एक साथ कैसे जोड़ें. फिल्म और टूरिज्म के जुड़ने से उस टूरिस्ट डेस्टिनेशन का भी फायदा होगा और हम नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स को भी कॉन्फ्रेंस रूम से बाहर निकालकर रिएल फिजिलकल डेस्टिनेशन में लेकर जा पाएंगे.

मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.

Read More

google button