7000mAh बैटरी और 48MP कैमरे वाला 5G स्मार्टफोन की कैसी है परफॉर्मेंस, कीमत सिर्फ 17,999 रुपये से शुरू - ai plus nova 2 power review 7000mah battery and dimensity 7100 soc

Published on 21 अक्टू॰ 2026

एआइ प्लस ने बजट रेंज में Nova 2 Power स्मार्टफोन लॉन्च किया है, जो दमदार परफॉर्मेंस और 7000mAh की बड़ी बैटरी के साथ आता है।

कैसा है  Ai Plus Nova 2 Power स्मार्टफोन?

कैसा है  Ai Plus Nova 2 Power स्मार्टफोन?

HighLights

  1. 7000mAh बैटरी और मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7100 प्रोसेसर।

  2. 48MP कैमरा और 6.75 इंच HD+ 120Hz डिस्प्ले।

  3. IP65 रेटिंग, NxtQuantum OS, ₹17,999 शुरुआती कीमत।

टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। ज्यादातर आम भारतीय स्मार्टफोन यूजर ऐसा फोन चाहते हैं, जिसे वे बिना किसी परेशानी के लंबे समय तक चला सकें। यही कारण है कि नया फोन लेते समय वे परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ को सबसे पहले देखते हैं। देसी स्मार्टफोन ब्रांड एआइ प्लस ने इसे ही ध्यान में रखकर बजट रेंज में Nova2 Power को पेश किया है। यह फोन उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है, जो विश्वसनीय परफॉर्मेंस के साथ फोन का आकर्षक डिजाइन भी चाहते हैं। मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7100 एसओसी आधारित इस फोन में 48एमपी का सोनी प्राइमरी कैमरा दिया गया है।

डिजाइन और डिस्प्ले

फोन के रियर पैनल में कलर-ग्रेडिएंट डिजाइन दिया गया है और कैमरा मॉड्यूल में दो बड़े लेंस के साथ एक लाइट रिंग दी गई है। यह फोन डीप पर्पल, ब्लू फ्यूजन, ब्लू गोल्ड फ्यूजन, मिडनाइट ब्लैक और ओशन ग्रीन रंगों में उपलब्ध है। मिडनाइट ब्लैक वेरिएंट में पैनल चमकदार व रिफ्लेक्टिव है, जिस पर निशान और धब्बे को हल्का सा रगड़कर आप साफ कर सकते हैं। फोन की मोटाई 8.7 मिमी है और वजन लगभग 220 ग्राम है। लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर फोन का हल्का भारीपन महसूस हो सकता है। स्क्रीन की बात करें तो 6.75 इंच का एचडी+ आइपीएस एलसीडी डिस्प्ले है, जो 120हर्ट्ज रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। राउंडेड कार्नर डिवाइस को मॉडर्न लुक देते हैं।

परफार्मेंस और सॉफ्टवेयर

एआइ प्लस नोवा 2 पावर मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7100 एसओसी पर काम करता है। यह स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित NxtQuantum OS पर चलता है। फोन की एक खासियत है कि इसमें पहले से इंस्टाल किए गए अनावश्यक एप्स (ब्लाटवेयर) नहीं हैं और न ही फालतू के नोटिफिकेशन आने जैसी समस्याएं हैं। स्क्रीन बिल्कुल क्लियर दिखती है, केवल गूगल के एप्स या अन्य जरूरी एप्स ही हैं। धूल-मिट्टी से फोन की सुरक्षा के लिए नोवा 2 पावर 5जी को आइपी65 रेटिंग मिली हुई है। कनेक्टिविटी की बात करें तो फोन में 5जी सपोर्ट, वाई-फाई 6, ब्लूटूथ 5.4, जीपीएस, यूएसबी ओटीजी और डुअल-सिम जैसी सुविधाएं हैं। फोन में डेडिकेटेड स्लॉट के जरिये 1टीबी तक के माइक्रोएसडी कार्ड का भी सपोर्ट मिलता है।

कैमरा

फोन में सोनी आइएमएक्स582 सेंसर वाला ऑटोफोकस सुविधा के साथ 48एमपी का प्राइमरी कैमरा है, साथ ही 8 एमपी का अल्ट्रावाइड कैमरा है। 20 हजार रुपये से कम रेंज में कैमरे का यह सेटअप फोन को एक अच्छा ऑप्शन बनाता है। हालांकि, इसमें आप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (ओआइएस) नहीं है। सेल्फी और वीडियो काल के लिए फोन में जरूरी बेसिक फीचर्स के साथ 13एमपी का फ्रंट कैमरा दिया गया है। दोनों ही कैमरों की पर्याप्त रोशनी में परफार्मेंस संतोषजनक है।

बैटरी और चार्जिंग

नोवा 2 पावर की एक बड़ी खासियत इसकी बैटरी है। इसमें 7,000एमएएच की लाइ-पॉलिमर बैटरी दी गई है, जिसकी क्षमता इस रेंज में आने वाले ज्यादातर स्मार्टफोन से अधिक है। यह फोन बिना किसी परेशानी के पूरे दिन का बैटरी बैकअप देता है। सामान्य प्रयोग पर इसे दो दिन आराम से चला सकते हैं। यह फोन 33वाट की वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करता है।

निष्कर्ष

मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7100 प्रोसेसर, 7000 एमएएच बैटरी के साथ, 20,000 रुपये से कम कीमत में यह एक अच्छा ऑप्शन माना जा सकता है। कैमरे की परफार्मेंस औसत है। इस फोन को 17,999 रुपये की शुरुआती कीमत में खरीदा जा सकता है।