स्नैचिंग गैंग के दो शातिर अरेस्ट, 70 मामलों का खुलासा: बिहार से झारखंड तक था नेटवर्क, औरंगाबाद में SIT ने बरामद किए हथियार, कारतूस, चोरी की बाइक - Aurangabad (Bihar) News

Published on 20 सित॰ 2026

औरंगाबाद शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग और पैसा छिनतई की घटनाओं के बीच औरंगाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला चेन स्नैचिंग और पैसा छिनतई गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कोढ़ा गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किय

.

रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने दी है। प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में करीब 70 आपराधिक मामले दर्ज है।

दोनों बदमाशों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मास्टर चाभी, एक रिंच, चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।पकड़े गए लोगों में कटिहार जिले के कूड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जुराबगंज नयाटोला गांव नयनांशु उर्फ अभय कुमार तथा हैरान कुमार शामिल है।

प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा।

प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा।

शहर में लगातार हो रही थी चेन स्नैचिंग, SIT ने संभाली जांच

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि विगत कुछ दिनों से औरंगाबाद शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। अकेले नगर थाना क्षेत्र में चेन छिनतई की सात वारदातें सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। घटनाओं पर अंकुश लगाने और गिरोह का पता लगाने के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-01 आदित्य कुमार के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया।

एसआईटी ने अलग-अलग घटनाओं से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शहर में हुई कई चेन स्नैचिंग की घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।

अपराधियों के पास से बरामद हथियार और मोबाइल फोन।

अपराधियों के पास से बरामद हथियार और मोबाइल फोन।

चेन और पैसा छीनने पहुंचे थे बदमाश, पुलिस ने दबोचा

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य औरंगाबाद में फिर से चेन और पैसा छिनतई की घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर एसआईटी ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और रविवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इनके पास से देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के अलावा दो मास्टर चाभी, रिंच, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान का इस्तेमाल आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था।

SIT में शामिल अधिकारी और जवान।

SIT में शामिल अधिकारी और जवान।

बिहार से झारखंड तक फैला था नेटवर्क, 70 मामलों का खुलासा

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस के सामने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार दोनों ने बताया कि गिरोह द्वारा औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, किशनगंज और मुंगेर समेत बिहार के कई जिलों में चेन और पैसा छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।

इसके अलावा झारखंड के गोड्डा, हजारीबाग और दुमका समेत अन्य जिलों में भी वारदात किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों अपराधियों के विरुद्ध बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में करीब 70 कांड दर्ज हैं। इससे पुलिस को गिरोह के अंतरजिला और अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी मिली है।

पुलिस के मुताबिक इससे पहले भी गिरोह के ठिकाने से नगर थाना क्षेत्र में छीनी गई चार सोने की चेन बरामद की जा चुकी हैं। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश, घटनाओं में कमी आने की उम्मीद

दो शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि औरंगाबाद शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। पुलिस गिरोह के नेटवर्क, इसके अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। बरामद हथियार, बाइक और अन्य सामान को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

गिरफ्तारी की कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, नगर थाना औरंगाबाद की टीम तथा जिला आसूचना इकाई औरंगाबाद शामिल रही। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर सामने आने वाली जानकारियों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच कर रही है।