पूर्व विधायक के फार्महाउस में घुसा तेंदुआ, 'रॉकी' ने लिया पंगा; 7 मिनट तक चली खतरनाक भिड़ंत- देखें Video

Published on 8 सित॰ 2026

Leopard Attack Thane: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुरबाड तालुका स्थित साखरे गांव में एक फार्महाउस में तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया. फार्महाउस में घुसे तेंदुए ने वहां मौजूद पालतू कुत्ते रॉकी पर अचानक हमला कर दिया. हालांकि, अपनी जान बचाने के लिए रॉकी ने भी तेंदुए का डटकर मुकाबला किया. दोनों के बीच करीब 5 से 7 मिनट तक जबरदस्त संघर्ष हुआ. इस पूरी घटना का वीडियो फार्महाउस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बताया जा रहा है कि यह फार्महाउस महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पूर्व विधायक राजू पाटील के भाई विजय पाटील का है. सोमवार शाम करीब 7 बजे तेंदुआ अचानक फार्महाउस परिसर में दाखिल हुआ. इसी दौरान उसकी नजर वहां मौजूद पालतू कुत्ते रॉकी पर पड़ी. तेंदुए ने बिना देर किए रॉकी पर हमला कर दिया.

तेंदुए से भिड़ा ‘रॉकी’

तेंदुए के अचानक किए गए हमले के बावजूद रॉकी पीछे नहीं हटा. उसने अपनी जान बचाने के लिए पूरी ताकत से तेंदुए का सामना किया. बताया जा रहा है कि संघर्ष के दौरान रॉकी ने तेंदुए के जबड़े को पकड़ लिया. इसके बाद दोनों के बीच काफी देर तक खतरनाक भिड़ंत होती रही. CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि तेंदुआ रॉकी पर अपने नुकीले पंजों से लगातार हमला करने की कोशिश करता है. वहीं रॉकी भी तेंदुए को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था. कुछ समय तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा. तेंदुए के लगातार पंजे मारने के बाद आखिरकार रॉकी को उसका जबड़ा छोड़ना पड़ा.

इसके बाद तेंदुए ने भी वहां से पीछे हटना शुरू कर दिया और फार्महाउस परिसर से बाहर निकल गया. इस पूरी घटना में रॉकी ने जिस तरह से तेंदुए का सामना किया, उसकी इलाके में जमकर चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे CCTV वीडियो को देखकर लोग रॉकी की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं.

तेंदुए के हमले से बढ़ी चिंता

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम और रात के समय रिहायशी इलाकों तथा फार्महाउस के आसपास जंगली जानवरों की आवाजाही को लेकर सावधानी जरूरी है. तेंदुए के फार्महाउस में पहुंचने की घटना ने एक बार फिर इंसानी बस्तियों के आसपास वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े किए हैं. ग्रामीणों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने और अकेले बाहर निकलने से बचने की अपील की जा रही है. फिलहाल तेंदुए और रॉकी की इस भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

विनोद जगदाले

विनोद जगदाले

विनोद जगदाले को 22 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव है. वो मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति की गहरी समझ रखते हैं. ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ 24 में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई बड़े खुलासे किए और एक्सक्लूसिव खबरें भी सामने लेकर आए. उनकी पहचान निष्पक्ष, बेबाक और जमीनी पत्रकार के तौर पर की जाती है. विनोद जगदाले 10 से ज्यादा सम्मान से सम्मानित और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं.

Read More

google button